राजस्थान

सूरतगढ़ में NH-62 हादसे के बाद विरोध प्रदर्शन, अंडरपास निर्माण की मांग पर सहमति के बाद जाम समाप्त

Gulabi Jagat
27 Jun 2026 7:26 PM IST
सूरतगढ़ में NH-62 हादसे के बाद विरोध प्रदर्शन, अंडरपास निर्माण की मांग पर सहमति के बाद जाम समाप्त
x

Suratgarh: सूरतगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर सब-जेल के पास हुए सड़क हादसे के बाद शनिवार को हालात तनावपूर्ण हो गए। शुक्रवार शाम ट्रोले की टक्कर से 14 वर्षीय बालक की मौत के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।घटना के विरोध में स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने NH-62 पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के खिलाफ नारेबाजी की और इलाके में अंडरपास निर्माण की मांग उठाई।स्थानीय लोगों का कहना है कि पुराने हाउसिंग बोर्ड और सब-जेल के पीछे स्थित बस्ती से बड़ी संख्या में लोग और स्कूली बच्चे रोजाना स्टेडियम मैदान और आसपास के क्षेत्रों में आते-जाते हैं, जिससे सड़क पार करना बेहद खतरनाक हो गया है।

भाजपा नेता राकेश बिश्नोई ने बताया कि शुक्रवार शाम एक 14 वर्षीय बालक स्टेडियम में अभ्यास के लिए जा रहा था, तभी ट्रोले की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि इस स्थान पर पहले भी कई बच्चों की सड़क हादसों में जान जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस क्षेत्र में लगातार हादसे हो रहे हैं, इसलिए यहां तुरंत अंडरपास बनाया जाना जरूरी है ताकि लोगों और बच्चों को सुरक्षित रास्ता मिल सके।हाईवे जाम की सूचना पर सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत शुरू की। बाद में तहसीलदार विनोद कड़वासरा और आंदोलनकारी नेताओं के बीच वार्ता हुई।

प्रशासन ने आश्वासन दिया कि सोमवार सुबह 11 बजे NHAI अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्या पर चर्चा की जाएगी। साथ ही हाईवे के दोनों ओर सुरक्षा रेलिंग लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा और अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव भेजा जाएगा।

प्रशासन के इन आश्वासनों के बाद आंदोलनकारियों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया और NH-62 पर यातायात सामान्य हो गया। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि इस बार प्रशासन ठोस कदम उठाएगा ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।

Next Story