राजस्थान
नॉर्थ जोन बैडमिंटन चैम्पियनशिप की तैयारियां अंतिम दौर में, भीलवाड़ा में जुटेंगे सात राज्यों के शटलर
Gulabi Jagat
26 Aug 2026 10:11 PM IST

x
Bhilwara, भीलवाड़ा । शहर में पहली बार बड़े स्तर की इंटर स्टेट बैडमिंटन प्रतियोगिता की तैयारियां तेज हो गई हैं। रैकेट और शटल की तेज रफ्तार के बीच भीलवाड़ा अगले माह राष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन प्रतिभाओं का गवाह बनेगा। शहर में 2 से 6 सितंबर तक आयोजित होने वाली योनेक्स सनराइज इंटर स्टेट नॉर्थ जोन बैडमिंटन चैम्पियनशिप को लेकर खेल जगत में उत्साह है। राजस्थान बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में जिला भीलवाड़ा बैडमिंटन संघ की मेजबानी में होने वाली इस प्रतियोगिता में सात राज्यों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन समिति के अध्यक्ष मुकेश खंडेलवाल के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। फोरआर्म्स बैडमिंटन एकेडमी, सांगानेर रोड पर आयोजन स्थल को प्रतियोगिता के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। आयोजन समिति के सचिव अभिषेक शर्मा ने बताया कि अब तक सात राज्यों की प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी हैं। प्रतियोगिता स्थल पर टेंट लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। महेन्द्र कुमार खींची को आयोजन समिति का पदाधिकारी बनाया गया है।
अध्यक्ष मुकेश खंडेलवाल ने बताया कि राजस्थान की टीम के 29 अगस्त की शाम भीलवाड़ा पहुंचने की संभावना है, जबकि अन्य छह राज्यों की टीमें 1 सितंबर को शहर पहुंचेंगी। सभी टीमें फोरआर्म्स बैडमिंटन एकेडमी में अभ्यास करेंगी। प्रतियोगिता के मद्देनजर एकेडमी को तकनीकी मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। राजस्थान बैडमिंटन संघ की ओर से प्रतियोगिता के लिए तकनीकी अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। भारतीय बैडमिंटन संघ ने महाराष्ट्र के विनय जोशी को मुख्य निर्णायक, उत्तर प्रदेश के अजीन्द्र राय को उप निर्णायक तथा गुजरात के निकुंज परमार को मैच कंट्रोलर नियुक्त किया है। आयोजन समिति प्रतियोगिता को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियों में जुटी है।
Next Story





