राजस्थान

ओम बिरला ने कहा कि विश्व के कल्याण को प्रेरित करती है भारतीय संस्कृति

mukeshwari
3 Jun 2023 12:40 PM GMT
ओम बिरला ने कहा कि विश्व के कल्याण को प्रेरित करती है भारतीय संस्कृति
x

कोटा। बेगूं स्थित बानोडा बालाजी मंदिर परिसर क्षेत्र में शुक्रवार को चहुंओर धर्म और आस्था की लहर प्रवाहित हुई। आसपास के क्षेत्रों के अलावा प्रदेश भर से श्रद्धालू यहां आयोजित श्री राम कृष्ण कल्कि शक्ति महायज्ञ में सम्मिलित होने पहुंचे। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी यज्ञ में आहूति दी। इसके बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति वसुधैव कुटुंबकम की भावना के साथ विश्व कल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा देती है।

स्पीकर बिरला ने कहा कि बानोडा बालाजी का यह स्थान दिव्य है। लम्बे समय से यहां आने और बालाजी सहित अन्य देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त करने का आदेश मिल रहा था। लेकिन कई प्रयासों के बाद भी कार्यक्रम नहीं बन पाया। बूंदी के गुरूवार के दौरे के समय यहां यज्ञ कार्यक्रम की जानकारी मिली। इसके बाद यहां आने से स्वयं को रोक नहीं सका। यह बानोडा बालाजी का महात्मय है कि श्रद्धालु उनकी कृपा प्राप्त करने दूर-दूर से आते हैं।

लोक सभा अध्यक्ष ने कहा कि भारत की संस्कृति हमें सभी से प्रेम करने और उनके जीवन को बेहतर बनाने का संदेश देती है। इतिहास में अनेक ऐसे उदाहरण हैं जब हमारी संस्कृति का नष्ट करने के प्रयास किए गए, लेकिन यह सब असफल रहे। आज भारतीय संस्कृति का विश्व के सभी देशों में विस्तार हो रहा है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक हीरालाल नागर भी उपस्थित रहे।

मेवाड़ शौर्य-पराक्रम की धरती

कार्यक्रम के दौरान स्पीकर बिरला ने मेवाड़ की धरती पर आने की भी खुशी जताई। उन्होंने कहा कि मेवाड़ की धरती शौर्य, पराक्रम और बलिदान की धरती है। यहां महाराणा प्रताप जैसे वीर हुए जिन्होंने मातृभूमि के लिए बलिदान दिया। यहां पन्ना धाय जैसी वीरांगनाएं हुईं जिन्होंने राजधर्म की पालना में अपने पुत्र का कुर्बान कर दिया। यहां मीरा जैसी भक्त हुईं जिन्होंने धर्म और आध्यात्मिकता के मार्ग को समृद्ध किया। यहां आना गौरव की बात है।

यज्ञ में अर्पित की आहूति

स्पीकर बिरला ने आयोजन के दौरान पूजा में भी भाग लिया और यज्ञ में भी पवित्र आहूति अर्पित की। इस दौरान उन्होंने भगवान नृसिंह, बाला जी, कल्ला जी सहित विभिन्न देवी-देवताओं की वंदना कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

mukeshwari

mukeshwari

प्रकाश सिंह पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में हैं। साल 2019 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा। फिलहाल, प्रकाश जनता से रिश्ता वेब साइट में बतौर content writer काम कर रहे हैं। उन्होंने श्री राम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी लखनऊ से हिंदी पत्रकारिता में मास्टर्स किया है। प्रकाश खेल के अलावा राजनीति और मनोरंजन की खबर लिखते हैं।

    Next Story