राजस्थान

लाडनूं से मिली नई कार्यदिशा, आचार्य महाश्रमण के सानिध्य में तेरापंथी महासभा सम्मेलन में भीलवाड़ा ने छोड़ी सशक्त छाप

Gulabi Jagat
17 Aug 2026 9:12 PM IST
लाडनूं से मिली नई कार्यदिशा, आचार्य महाश्रमण के सानिध्य में तेरापंथी महासभा सम्मेलन में भीलवाड़ा ने छोड़ी सशक्त छाप
x

BHILWARHA भीलवाड़ा । तेरापंथ समाज के संगठनात्मक सशक्तीकरण और सेवा-संस्कार की भावी कार्ययोजना तय करने के उद्देश्य से लाडनूं स्थित जैन विश्व भारती परिसर में आचार्यश्री महाश्रमण के पावन सानिध्य में आयोजित जैन श्वेताम्बर तेरापंथी महासभा के तीन दिवसीय प्रतिनिधि सम्मेलन में तेरापंथी सभा संस्था भीलवाड़ा के आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सक्रिय सहभागिता निभाई। प्रतिनिधियों ने विभिन्न सत्रों में अपने सुझाव प्रस्तुत करते हुए सम्मेलन से मिली प्रेरणा को भीलवाड़ा में जनोपयोगी गतिविधियों के रूप में क्रियान्वित करने का संकल्प लिया। सभा अध्यक्ष अशोक सिंघवी ने बताया कि सम्मेलन में तेरापंथ समाज के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, आध्यात्मिक उन्नयन, सेवा कार्यों तथा महासभा की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी संचालन पर व्यापक मंथन हुआ। ज्ञानशाला, उपासक श्रेणी, तेरापंथ नेटवर्क, महासभा आपके द्वार, संस्कार निर्माण, बेटी तेरापंथ की, वरिष्ठ नागरिक तथा कला एवं संस्कृति जैसे प्रकल्पों को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष चर्चा की गई। सभा मंत्री सुनील दक ने कहा कि सम्मेलन से प्राप्त दिशा-निर्देशों एवं सुझावों को भीलवाड़ा में कार्यरूप देते हुए समाजहित में रचनात्मक और परिणामपरक गतिविधियों को नई गति दी जाएगी। प्रत्येक परिवार तक संगठन की पहुंच बढ़ाने, युवाओं एवं महिलाओं की सहभागिता मजबूत करने तथा सेवा कार्यों को योजनाबद्ध ढंग से संचालित करने पर विशेष बल दिया गया।

प्रवक्ता गौतम दुगड़ ने बताया कि भीलवाड़ा के प्रतिनिधिमंडल में सभा अध्यक्ष अशोक सिंघवी, मंत्री सुनील दक, उपाध्यक्ष दिनेश हिंगड एवं दिनेश कांठेड़, सहमंत्री महावीर भलावत एवं गौतम दुगड़, कोषाध्यक्ष प्रकाश कावड़िया तथा संगठन मंत्री लक्ष्मीलाल झाबक शामिल रहे। सभी प्रतिनिधियों ने सम्मेलन के विभिन्न विषयगत सत्रों में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने विचार और सुझाव साझा किए। तीन दिवसीय प्रतिनिधि सम्मेलन समाज में संगठन, संस्कार, सेवा और समर्पण की भावना को नई दिशा देने वाला सिद्ध हुआ। भीलवाड़ा प्रतिनिधिमंडल सम्मेलन से मिली प्रेरणा और कार्यदिशा को स्थानीय स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करने के संकल्प के साथ लौटा।

Next Story