राजस्थान पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी चलाएगी ऑनलाइन क्लास

जयपुर: राजस्थान पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए दिसंबर के पहले सप्ताह से मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी (यूके) के सहयोग से विशेष ऑनलाइन कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इसके तहत विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ पुलिसकर्मियों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी ऑनलाइन कक्षाएं देंगे। कार्यक्रम के बाद प्राप्त परिणामों का वैज्ञानिक विश्लेषण भी किया जाएगा।
इस संबंध में शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा की अध्यक्षता में मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक आयोजित हुई। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ग्लोबल मेंटल हेल्थ रिसर्च के प्रोफेसर विमल कुमार शर्मा ने किया।
बैठक में 28 जुलाई 2026 को राजस्थान पुलिस अकादमी और मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी के बीच हुए समझौता ज्ञापन के क्रियान्वयन और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि यह साझेदारी पुलिसकर्मियों के कल्याण, मानसिक स्वास्थ्य, प्रशिक्षण और पुलिसिंग के क्षेत्र में महत्वपूर्ण साबित होगी। राजस्थान पुलिस के अनुभव और उपलब्ध आंकड़ों के साथ विश्वविद्यालय की शोध विशेषज्ञता से पुलिसकर्मियों की जरूरतों को समझने में मदद मिलेगी।
इस सहयोग के तहत डिस्टेंस लर्निंग, सर्टिफिकेट कोर्स, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रशिक्षण, सेमिनार, कार्यशालाओं और विशेषज्ञ व्याख्यानों के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे। मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, सामाजिक देखभाल और स्वास्थ्य विज्ञान के क्षेत्र में संयुक्त शोध किया जाएगा।
बैठक में मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी के कई विशेषज्ञों के साथ राजस्थान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम से पुलिसकर्मियों की मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों की पहचान और कार्यक्षमता में सुधार के लिए वैज्ञानिक आधार पर कदम उठाने में सहायता मिलने की उम्मीद है।





