राजस्थान
लंपी वायरस का कहर, बकतोड़ में एक और गाय की मौत, 31 नए केस आये
Gulabi Jagat
27 Aug 2022 4:26 PM IST

x
प्रतापगढ़ में लगातार तीसरे दिन लंपी स्किन डिजीज से एक और गोवंश की मौत हो गई। पीपलखूंट क्षेत्र के बक्तोड़ में आज सुबह मिली जानकारी के अनुसार एक और गोवंश ने इस बीमारी से दम तोड़ दिया। गुरुवार को कुछ दिन पहले अजमेर से छोटीसादड़ी के सेमरड़ा में लाई गई गाय की भी मौत हो चुकी थी। लगातार तीन दिनों से प्रत्येक दिन 1-1 गोवंश की मौत इस बीमारी के चलते हो रही है। इससे पहले बुधवार को भी एक गाय की मौत हुई थी। ऐसे में अब तक 3 गोवंश की इस बीमारी के चलते जिले में मौत हो चुकी है। आज सुबह पशुपालन विभाग ने जानकारी देते हुए बताया अरनोद, दलोट और पीपलखूंट उपखंड क्षेत्र में बीमारी के संक्रमण के 31 नए मामले सामने आए। अब जिले में संक्रमित पशुओं की संख्या बढ़कर 224 हो चुकी है। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयप्रकाश परतानी ने बताया शुक्रवार को गौशालाओं और निजी पशुपालकों के गोवंश के गोट पाॅक्स के टीके भी लगाए गए हैं।
अब तक कुल 32 गोवंश इस बीमारी से रिकवर भी हुए हैं। कलेक्टर सौरभ स्वामी के निर्देशन में पशु चिकित्सा विभाग लगातार बीमारी की मॉनिटरिंग कर रहा है। गौशालाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में पशुपालकों के यहां पर जाकर सर्वे और बीमारी से बचाव के उपचार बताए जा रहे हैं। फिलहाल सभी गौशाला इस बीमारी से सुरक्षित है। जिले में पशु चिकित्सा विभाग गोट पाॅक्स के टीकाकरण को लेकर लगातार अभियान चला रहा है। इसके अलावा रिकवर होने वाले गोवंश की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है। अन्य जिलों के मुकाबले फिलहाल प्रतापगढ़ में इस बीमारी की स्थिति ज्यादा गंभीर नहीं है और अब तक सिर्फ 3 मौत हुई है। जबकि जिले के पास 5 बड़ी गौशालाएं हैं। जिनमें लगातार कीटनाशक का छिड़काव सहित अन्य बचाव के उपचार अपनाए जा रहे हैं। बाहर से आने वाले गोवंश पर निगरानी रखी जा रही है। पशुपालकों को फिलहाल कुछ समय के लिए बाहर से गोवंश नहीं लाने को लेकर भी हिदायत दी गई है.
Next Story





