राजस्थान

लाडो प्रोत्साहन योजना से बढ़ा परिवार का उत्साह, बेटी के जन्म पर मिला सम्मान

Gulabi Jagat
7 July 2026 9:38 PM IST
लाडो प्रोत्साहन योजना से बढ़ा परिवार का उत्साह, बेटी के जन्म पर मिला सम्मान
x

Bhilwara, भीलवाड़ा । जिले की पंचायत समिति सुवाणा की ग्राम पंचायत आरजिया में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर 2026 ग्रामीणों तक राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रभावी मंच बनकर उभरा। शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग ने राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत ग्राम आरजिया निवासी श्रीमती ममता कंवर को उनकी नवजात पुत्री कीर्ति कंवर के जन्म पर योजना का लाभ प्रदान किया। इस अवसर पर उन्हें 2,500 का डमी चेक एवं बधाई संदेश भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही परिवार को बालिका शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करते हुए बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। योजना का लाभ प्राप्त करने के बाद श्रीमती ममता कंवर ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लाडो प्रोत्साहन योजना जैसी पहल समाज में बेटियों के प्रति सम्मान और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

उन्होंने कहा कि पहले जहां कई परिवार बेटियों के जन्म को लेकर चिंतित रहते थे, वहीं अब सरकार की योजनाओं से लोगों की सोच बदल रही है। आर्थिक सहायता के साथ-साथ मिलने वाला सम्मान परिवारों का मनोबल बढ़ाता है और बेटियों की शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करता है। शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने लाभार्थी परिवार को योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और आत्मनिर्भरता तक प्रत्येक चरण में परिवारों को सहयोग प्रदान करना है। ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से लाडो प्रोत्साहन योजना का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराते हुए प्रशासन ने यह संदेश दिया कि बेटियां परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनके जन्म, शिक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस अवसर पर शिविर प्रभारी एवं विकास अधिकारी जितेन्द्र गुरनानी, तहसीलदार ललित सेन, नायब तहसीलदार रोनक शर्मा, सहायक विकास अधिकारी दिनेश कुमार, प्रशासक श्रीमती पूर्णिमा कंवर तथा महिला अधिकारिता विभाग की पर्यवेक्षक श्रीमती मीनल विजयवर्गीय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में बेटियों के सम्मान, शिक्षा और सशक्तिकरण को समाज की प्राथमिकता बनाने का संकल्प दोहराया।

Next Story