राजस्थान

गोगामेड़ी जन्मोत्सव पर करणी सेना ने भरी नई हुंकार, संगठन को मिली नई मजबूती

Gulabi Jagat
11 July 2026 8:46 PM IST
गोगामेड़ी जन्मोत्सव पर करणी सेना ने भरी नई हुंकार, संगठन को मिली नई मजबूती
x

Bhilwara, भीलवाड़ा । अमर शहीद श्री सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के जन्मोत्सव के अवसर पर श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना द्वारा भीलवाड़ा में भव्य एवं ऐतिहासिक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान समाज की एकजुटता, अनुशासन और संगठन के प्रति समर्पण का वातावरण देखने को मिला। समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्षा श्रीमती शीला सुखदेव सिंह गोगामेड़ी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं संगठन मंत्री योगेन्द्र सिंह कटार तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अभयराज सिंह गोगामेड़ी की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया तथा समाज के वरिष्ठजनों ने पुष्पांजलि अर्पित कर अमर शहीद सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधनों में वक्ताओं ने कहा कि अमर शहीद श्री सुखदेव सिंह गोगामेड़ी ने समाज के सम्मान, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके आदर्श और विचार समाज को सदैव प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने समाज के युवाओं से संगठन के साथ जुड़कर सामाजिक एकता और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रदेश सचिव महिपाल सिंह केलवाद ने संगठन विस्तार की घोषणा करते हुए कई महत्वपूर्ण नियुक्तियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से धनराज सिंह पुरावत को जिलाध्यक्ष, भामिनी राठौड़ को महिला जिला अध्यक्ष, दुर्गेश कंवर को ग्रामीण जिलाध्यक्ष तथा एडवोकेट मयूर राज सिंह को प्रदेश विधि प्रकोष्ठ अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नई जिम्मेदारियां मिलने पर सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का साफा एवं माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया गया। पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने तथा समाज के हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का विश्वास दिलाया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित समाजबंधुओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, समाज में आपसी एकता बनाए रखने तथा स्वाभिमान और सामाजिक मूल्यों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। बड़ी संख्या में उपस्थित समाजबंधुओं ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए इसकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की।

Next Story