राजस्थान

जोधपुर: रात में हैण्डीक्राफ्ट फैक्ट्री की आग सुबह तडक़े साढ़े पांच बजे आई काबू में

Admin Delhi 1
8 April 2022 11:43 AM GMT
जोधपुर: रात में हैण्डीक्राफ्ट फैक्ट्री की आग सुबह तडक़े साढ़े पांच बजे आई काबू में
x

राजस्थान न्यूज़: शहर के बासनी रेलवे स्टेशन के सामने गुरुवार की रात में लगी हैण्डीक्राफ्ट फैक्ट्री में आग पर शुक्रवार की तडक़े साढ़े पांच बजे तक काबू पाया जा सका। नगर निगम की दस दमकलों के साथ ही रिको, सिविल डिफेंस एवं एयरफोर्स की तरकीबन पंद्रह दमकलों ने 50-60 फेरे तडक़े तक किए। फैक्ट्री में लाखों का नुकसान हो गया है। आग लगने का आरंभिक तौर पर कारण शॉर्ट सर्किट बताया जाता है। फिलहाल इस बारे में स्पष्ट नहीं हो पाया है। शुक्रवार दोपहर तक मलबे से धुआं निकलता रहा। हालांकि अब वहां कोई दमकल को तैनात नहीं रखा गया है। सीएफओ जयसिंह चौहान ने बताया कि रात को सूचना के बाद जेपी आर्ट पर दमकलों को रवाना किया गया था। दमकलकर्मी शुक्रवार तडक़े साढ़े पांच बजे तक आग पर काबू पाते रहे। इसमें नगर निगम की दस दमकलों के साथ रिको, सिविल डिफेंस, एयरफोर्स की दमकल भी लगाई गई। तकरीबन 15 दमकलें आग को काबू पाने में जुटी रही। उन्होंने बताया कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है। आग से फैक्ट्री की बिल्डिंग को भी काफी नुकसान पहुंच चुका है। साथ ही सूखी लकडिय़ां पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुकी है।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार की रात दस बजे के आस पास बासनी रेलवे स्टेशन के सामने जेपी आर्ट में आग लगी थी। रेलवे स्टेशन पर आए यात्रियों को प्लेटफार्म संख्या 1 से सुरक्षित निकाला गया था। इस फैक्ट्री के पास में ही केमिकल की फैक्ट्री भी थी। जिस तक आग को नहीं पहुंचने दिया गया था। अन्यथा इस आगजनी में और भी बड़ा हादसा हो सकता था। सीएफओ जयसिंह चौहान ने बताया कि आग अब पूर्णतया काबू मेें है, मगर मलबे से धुआं अब भी उठ रहा है। मलबा हटाने पर ही धुआं उठना बंद हो जाएगा।

Next Story