राजस्थान

Jhalawar: किला घूमकर लौट रहे चार लोगों की कार कालीसिंध नदी में बह गई, 2 लोगों की मौत

Sarita
25 Aug 2025 6:26 AM IST
Jhalawar:  किला घूमकर लौट रहे चार लोगों की कार कालीसिंध नदी में बह गई, 2 लोगों की मौत
x
Jhalawar झालावाड़: राजस्थान के झालावाड़ जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां कालीसिंध नदी का पुल पार करते समय एक कार तेज बहाव में बह गई। कार में चार लोग सवार थे, जिनमें से दो की मौत हो गई है, जबकि अन्य दो लापता बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुँचकर पानी में बहे लोगों की तलाश कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि चारों लोग गागरोन घूमने आए थे। इस दौरान वे लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
रविवार दोपहर करीब 2 बजे चार लोग अपनी कार से झालावाड़ के पास गागरोन किले में घूमने आए थे। किले में घूमने के बाद वे घर लौट रहे थे। इसी दौरान कालीसिंध नदी के पुल पर पानी का तेज बहाव आ गया। वे तेज बहाव में कार को पुलिया से निकालने की कोशिश कर रहे थे, तभी उनकी कार पुलिया से बहकर नीचे नदी में गिर गई। इसके बाद कार पानी में डूब गई। कार को पानी में डूबता देख मौके पर हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस और एसडीआरएफ के गोताखोर तुरंत मौके पर पहुंचे। तलाशी अभियान चलाकर क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया, जिसमें दो लोगों के शव मिले। मृतकों की पहचान हरिवल्लभ और शिक्षक नीरज सिंह के रूप में हुई है, जिनके शव पुलिस ने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए हैं। वहीं, दो लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी पहचान लेखराज और शिक्षक वेणुगोपाल के रूप में हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
Next Story