राजस्थान

Jaipur: राजस्थान में तापमान में उछाल, लोग गर्मी से परेशान

Admindelhi1
4 March 2026 4:26 PM IST
Jaipur: राजस्थान में तापमान में उछाल, लोग गर्मी से परेशान
x

जयपुर: प्रदेश में गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। मंगलवार को कई शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर मापा गया, जबकि पश्चिमी जिलों में दिन के समय झुलसाने वाली गर्मी महसूस की गई। साफ आसमान और तेज धूप के कारण सुबह से ही तापमान में तेजी रही।

सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में रहा, जहां पारा 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। इसके अलावा जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, चूरू, नागौर, पाली और चित्तौड़गढ़ सहित कई शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक मापा गया। प्रदेश के सभी शहरों में पारा 31 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। जयपुर और उदयपुर में 33.9 डिग्री, श्रीगंगानगर में 33.3 डिग्री, सीकर में 32.5 डिग्री और अलवर में 31.4 डिग्री सेल्सियस तापमान मापा गया। बढ़ती गर्मी के कारण अब शहरों में सुबह-शाम पंखे चलने लगे हैं, जबकि पश्चिमी इलाकों में दिन के समय कूलर और एसी का उपयोग भी शुरू हो गया है।

हालांकि दिन का तापमान बढ़ रहा है, लेकिन मंगलवार रात न्यूनतम तापमान में दो डिग्री तक गिरावट मापी गई। टोंक, दौसा, करौली और झुंझुनूं सहित कई शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। सबसे कम तापमान फतेहपुर में 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे रात में हल्की ठंडक महसूस हुई।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में अगले दो से तीन दिनों में तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। दिन के समय गर्मी और तेज हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर की धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।

Next Story