राजस्थान

Jaipur: विद्यार्थियों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा देने के लिए राज्य सरकार कटिबद्ध

Tara Tandi
28 Feb 2025 5:01 PM IST
Jaipur: विद्यार्थियों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा देने के लिए राज्य सरकार कटिबद्ध
x
Jaipur जयपुर । उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेम चन्‍द बैरवा ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राजकीय महाविद्यालय रावतसर व राजकीय कन्‍या महाविद्यालय पीलीबंगा में विद्यार्थियों का नियमित अध्ययन सुनिश्चित करने के लिए शैक्षणिक वर्ग के रिक्‍त पदों को विद्या संबल योजना के माध्यम से भरा जाएगा।
उच्च शिक्षा मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री शुक्रवार को प्रश्नकाल में इस संबंध में सदस्य द्वारा पूछे गये पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि राजकीय कन्‍या महाविद्यालय पीलीबंगा में 275 छात्राएं पढ़ रही हैं। यहां व्याख्याताओं के 7 पदों में से 6 पद भरे हुए हैं तथा 1 पद रिक्त है। इसी प्रकार राजकीय महाविद्यालय रावतसर में अध्ययनरत विद्यार्थियों की संख्या 580 है। यहां व्याख्याताओं के कुल 12 पदों में से 6 पद भरे हुए हैं तथा 6 पद रिक्त हैं।
इससे पहले विधायक श्री विनोद कुमार के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उन्होंने बताया कि विधान सभा क्षेत्र पीलीबंगा में वर्तमान में राजकीय महाविद्यालय रावतसर वर्ष 2022 से एवं राजकीय कन्‍या महाविद्यालय पीलीबंगा वर्ष 2023 से संचालित है। उन्होंने इन महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2024-25 में संकायवार अध्‍ययनरत छात्र-छात्राओं का विवरण सदन के पटल पर रखा। साथ ही, उन्होंने राजकीय महाविद्यालय रावतसर एवं राजकीय कन्‍या महाविद्यालय पीलीबंगा में शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक वर्ग के स्‍वीकृत व रिक्‍त पदों का विवरण सदन के पटल पर रखा।
डॉ. बैरवा ने सदन में स्पष्ट किया कि विधान सभा क्षेत्र पीलीबंगा के लिखमीसर, गोलूवाला में राजकीय महाविद्यालय तथा डबली राठान में राजकीय कन्‍या महाविद्यालय खोले जाने का वर्तमान में कोई प्रस्‍ताव विभाग में विचाराधीन नहीं है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा राजसेस महाविद्यालयों की समीक्षा के लिए 8 मई 2024 को एक उच्‍च स्‍तरीय समिति गठित की गई है, जिसकी रिपोर्ट एवं निर्णयोपरांत शैक्षणिक तथा अशैक्षणिक वर्ग के रिक्‍त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया प्रारम्‍भ की जा सकेगी।
Next Story