राजस्थान

Jaipur: राजस्थान ने सूर्य नमस्कार में फिर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

Admindelhi1
8 Feb 2025 10:39 AM IST
Jaipur: राजस्थान ने सूर्य नमस्कार में फिर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
x
"1.53 करोड़ लोगों ने एक साथ किया था योग"

जयपुर: राजस्थान ने सूर्य नमस्कार में नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है। 3 फरवरी को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 1.53 करोड़ से अधिक लोगों ने एक साथ सूर्य नमस्कार किया, जिसने 1.33 करोड़ प्रतिभागियों के पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया। गुरुवार को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि प्रथम भल्ला ने विधानसभा में इस उपलब्धि का प्रोविजनल प्रमाण पत्र जारी किया, जिसे शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने प्राप्त किया।

इस अवसर पर शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि वे उन सभी का आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने 3 फरवरी को सूर्य सप्तमी के अवसर पर आयोजित सूर्य नमस्कार कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। दिलावर ने बताया कि पिछले वर्ष पहली बार प्रदेश भर के स्कूलों में एक साथ सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया था। उस समय पूरे प्रदेश में एक साथ 1 करोड़ 33 लाख लोगों ने सूर्य नमस्कार किया था, जो पूरे विश्व में इतनी बड़ी संख्या में सूर्य नमस्कार करने का विश्व रिकार्ड था। इस वर्ष शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के स्कूली बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया तथा अपना पिछला रिकार्ड तोड़ते हुए 1 करोड़ 53 लाख से अधिक का नया कीर्तिमान बनाया।

हम सभी के लिए गर्व की बात है: दिलावर ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि हमारे बच्चे स्वस्थ रहें ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल हो। स्वस्थ रहने के लिए प्रतिदिन व्यायाम करना आवश्यक है। इसलिए स्कूलों में प्रार्थना सभा के बाद प्रतिदिन सूर्य नमस्कार किया जाता है। क्योंकि सूर्य नमस्कार स्वस्थ शरीर और मन को बनाए रखने के लिए सर्वोत्तम योग है। दिलावर ने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि सभी ने सूर्य नमस्कार में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

दैनिक जीवन में अपनाने की अपील: शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने इस विश्व रिकार्ड के लिए सभी प्रदेशवासियों को बधाई दी और कहा कि सूर्य नमस्कार न केवल हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग है, बल्कि शारीरिक स्वास्थ्य और तनाव मुक्त जीवन के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने सभी से इस योग को प्रतिदिन अपनाने की अपील की। आपको बता दें कि सूर्य नमस्कार भारतीय योग की एक प्राचीन प्रक्रिया है, जो शारीरिक और मानसिक लाभ प्रदान करती है और इसमें कुल 12 आसन हैं। इस प्रक्रिया में आसनों के साथ-साथ श्वास के नियम भी निर्धारित किये जाते हैं।

Next Story