राजस्थान

Jaipur: मेट्रो को उड़ाने की धमकी से हड़कंप

Sarita
10 May 2025 6:46 AM IST
Jaipur: मेट्रो को उड़ाने की धमकी से हड़कंप
x
Jaipurजयपुर: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच जयपुर एक बार फिर बम की धमकी की चपेट में आ गया है। इस बार धमकी का निशाना राजधानी का मेट्रो नेटवर्क बना है। सुरक्षा एजेंसियों को एक ईमेल मिला है, जिसमें जयपुर मेट्रो स्टेशन और मेट्रो ट्रेन को बम से उड़ाने का जिक्र है। मेल में हाल ही में भारतीय सेना द्वारा चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' की चेतावनी दी गई है।
मेल मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। मानसरोवर से लेकर बड़ी चौपड़ तक जयपुर मेट्रो के सभी प्रमुख स्टेशनों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड, एटीएस और स्थानीय पुलिस मिलकर स्टेशन परिसर और मेट्रो की तलाशी ले रही है। एहतियात के तौर पर कई मेट्रो स्टेशनों को अस्थायी रूप से खाली करा लिया गया है और यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करने की सलाह दी जा रही है।
हालांकि तकनीकी जांच के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी। गौरतलब है कि यह धमकी ऐसे समय में आई है, जब एक दिन पहले ही जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। गुरुवार को राजस्थान खेल परिषद की आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा संदेश मिला था, जिसके बाद स्टेडियम को खाली कराकर चप्पे-चप्पे की जांच बम निरोधक दस्ते द्वारा की गई थी। इससे पहले भी जयपुर एयरपोर्ट और कलेक्ट्रेट पर इसी तरह के धमकी भरे संदेश मिल चुके हैं, जिससे शहर में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। सुरक्षा एजेंसियां ​​अब मेल के स्रोत और इसके पीछे की मंशा की गहराई से जांच कर रही हैं। प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है।
Next Story