राजस्थान
Jaipur : नेत्र कुंभ को सेवा भाव का जीवंत प्रतीक - राज्यपाल बागडे
Tara Tandi
2 Sept 2025 12:50 PM IST

x
Jaipur जयपुर। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने कहा कि दुनिया में वही पूज्य होता है, जो जनकल्याण के लिए कार्य करता है। उन्होंने कहा कि बाबा रामदेव जी ने जीवनभर गरीबों एवं वंचितों की सेवा की और सभी मानवों की समानता में विश्वास रखा। बाबा के अनुयायी देशभर के विभिन्न राज्यों सहित पाकिस्तान के सिंध क्षेत्र से भी श्रद्धा के साथ यहां पहुंचते हैं। मुसलमान उन्हें रामसा पीर के रूप में पूजते हैं, यह समरसता और भक्ति का अद्भुत उदाहरण है।
राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने सोमवार को रामदेवरा में सक्षम संस्था द्वारा आयोजित बाबा रामदेव नेत्र कुंभ 2025 को संबोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन हमारी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ मानव सेवा और करुणा का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा को सर्वाेच्च स्थान प्राप्त है और यह नेत्र कुंभ उसी सेवा भाव का जीवंत प्रतीक है। राज्यपाल ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि यह शिविर वंचित, जरूरतमंद एवं दृष्टिबाधित लोगों के जीवन में नई रोशनी लाने का पुण्य कार्य कर रहा है।
राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने कहा कि आँखें ईश्वर का अनमोल उपहार हैं, जो जीवन को देखने और उसे पूर्णता से जीने की शक्ति देती हैं। उन्होंने नेत्र कुंभ जैसे आयोजनों को समाज सेवा का सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि भारत में 50 वर्ष से अधिक आयु के 1.99ः लोग अंधेपन से पीड़ित हैं, जबकि 66.2ः लोग मोतियाबिंद जैसी गंभीर नेत्र समस्याओं से ग्रसित हैं। ऐसे में रामदेवरा में सक्षम संस्था द्वारा आयोजित नेत्र कुंभ एक ऐतिहासिक व सराहनीय पहल है, जो जागरूकता और उपचार दोनों का सशक्त माध्यम बन रही है।
राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने कहा कि नेत्र कुंभ केवल नेत्र जांच या चश्मे वितरण तक सीमित नहीं, बल्कि यह उन जरूरतमंदों के जीवन में रोशनी लाने का संकल्प है, जो नेत्र चिकित्सा से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि एक माह से अधिक चलने वाले इस शिविर से लाखों लोगों को लाभ मिला है, जो इसकी अभूतपूर्व सफलता को दर्शाता है।
समारोह में राज्यपाल द्वारा अभ्युदय की ओर नामक पुस्तक का विमोचन किया गया है।
’राज्यपाल ने किया नेत्र कुंभ शिविर का अवलोकन’
राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने नेत्र कुंभ शिविर का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने शिविर में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को अपने हाथों से चश्मा पहनाया एवं उपचार के लिए आए मरीजों से संवाद कर उनकी समस्याएं और अनुभव जाने।
राज्यपाल ने शिविर में उपलब्ध करवाई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह शिविर सेवा, करुणा और मानवता का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज के उन वर्गों तक रोशनी पहुंचाते हैं, जो आर्थिक या भौगोलिक कारणों से समुचित चिकित्सा सुविधा से वंचित रह जाते हैं।
इस दौरान सक्षम संस्था के प्रतिनिधियों ने राज्यपाल को नेत्र कुंभ शिविर की संपूर्ण कार्यप्रणाली, उपचार की प्रक्रिया, नेत्र परीक्षण, चश्मों का वितरण, नेत्र ऑपरेशन की योजना एवं नेत्रदान अभियान से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। राज्यपाल ने संस्था के सेवाभावी कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी, राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी, महानिरीक्षक, सीमा सुरक्षा बल फ्रंटियर, जोधपुर एम. एल. गर्ग, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, सक्षम संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री पुरुषोत्तम पुरोहित, प्रदेश सचिव श्री कुलदीप मिश्रा, महासचिव श्री खेताराम लीलड़, बाबा रामदेव वंशज गादीपति श्री भोमसिंह तंवर, जिला स्तरीय अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
TagsJaipur नेत्र कुंभसेवा भावजीवंत प्रतीकराज्यपाल बागडेJaipur Netra KumbhSeva BhavLiving SymbolGovernor Bagdeजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताजनता से रिश्ता.कॉमआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperजनताjantasamachar newssamacharहिंन्दी समाचार
Next Story





