राजस्थान

Jaipur: अस्पताल में भीषण आग, छह मरीजों की मौत

Sarita
6 Oct 2025 6:07 AM IST
Jaipur: अस्पताल में भीषण आग, छह मरीजों की मौत
x
Jaipurजयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित सवाई मान सिंह अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू वार्ड में कल देर रात भीषण आग लग गई। इस घटना में छह मरीजों की मौत हो गई, जबकि कई गंभीर रूप से घायल मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मौके पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
ट्रॉमा सेंटर प्रभारी डॉ. अनुराग धाकड़ ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी प्रतीत होती है। आईसीयू में भर्ती अधिकांश मरीज पहले से ही गंभीर हालत में थे और कई कोमा में थे। उनकी सर्वाइवल रिफ्लेक्स कमजोर थी, जिससे उन्हें तुरंत शिफ्ट करना मुश्किल हो रहा था। आग से निकली जहरीली गैसों ने उनकी हालत और बिगाड़ दी। हमने उन्हें निचली मंजिल के आईसीयू में शिफ्ट करने की कोशिश की, लेकिन छह मरीजों को बचाया नहीं जा सका। हादसे की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने स्वयं सवाई मान सिंह अस्पताल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ राजस्थान सरकार के मंत्री जवाहर सिंह बेढम भी थे।
जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसेफ ने बताया कि आग लगने का कारण एफएसएल जाँच के बाद ही पता चलेगा। शुरुआती जाँच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अंतिम रिपोर्ट जाँच के बाद ही मिलेगी। उन्होंने बताया कि हादसे में छह लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि बाकी मरीजों को दूसरे वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया है और उनका इलाज चल रहा है। मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवा दिया गया है और सभी औपचारिकताएँ पूरी होने के बाद पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
Next Story