राजस्थान

Jaipur : एसएमएस अस्पताल के निर्माणाधीन आयुष्मान आईपीडी टावर में लगी आग

Sarita
30 Jan 2025 7:33 AM IST
Jaipur : एसएमएस अस्पताल के निर्माणाधीन आयुष्मान आईपीडी टावर में लगी आग
x
Jaipur जयपुर: राजस्थान के जयपुर में सवाई मानसिंह अस्पताल में निर्माणाधीन आयुष्मान आईपीडी टावर में अचानक आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आग लगते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया. सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी का कहना है कि आयुष्मान आईपीडी टावर में निर्माण कार्य चल रहा है. ऐसे में वेल्डिंग करते समय वेल्डिंग की चिंगारी से कचरे में पड़े थर्माकोल में आग लग गई. इससे धुआं फैल गया. चौथी मंजिल पर यह हादसा हुआ और समय रहते इस पर काबू पा लिया गया. डॉ. माहेश्वरी ने कहा कि हालांकि यह आग कचरे में लगी थी, लेकिन हमने सुरक्षा को लेकर संबंधित विभाग को पत्र लिख दिया है, ताकि भविष्य में ऐसा हादसा न हो|
इस आईपीडी टावर का निर्माण तत्कालीन कांग्रेस सरकार में शुरू हुआ था और जब प्रदेश में सत्ता परिवर्तन हुआ तो इसका नाम बदलकर आयुष्मान आईपीडी टावर कर दिया गया. मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के उद्देश्य से इस आईपीडी टावर का निर्माण किया जा रहा है. इस टावर की नींव अप्रैल 2022 में रखी गई थी और अगले 2 साल में इसे पूरा करके शुरू करने की तैयारी थी. डेडलाइन पूरी होने के बाद भी अभी तक इसे शुरू नहीं किया जा सका है, लेकिन अब माना जा रहा है कि साल 2026 में इस आईपीडी टावर को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा. इस आईपीडी टावर में 20 से ज्यादा मंजिलें होंगी, जहां एयर एंबुलेंस के लिए हेलीपैड की सुविधा भी मिलेगी. इसके अलावा इस आईपीडी टावर में मरीजों को अत्याधुनिक ऑपरेशन थियेटर, कॉटेज, आईसीयू की सुविधा मिलेगी|
Next Story