राजस्थान

Jaipur: स्थानीय नेतृत्व और विकास प्रयासों को पहचानने के लिए आयोजन

Tara Tandi
15 Oct 2025 6:40 PM IST
Jaipur: स्थानीय नेतृत्व और विकास प्रयासों को पहचानने के लिए आयोजन
x
झालावाड़ । जिला परिषद झालावाड़, बंजर भूमि एवं चारागाह विकास बोर्ड जयपुर, आईटीसी मिशन सुनहरा कल तथा फाउंडेशन फॉर इकोलॉजिकल सिक्योरिटी के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को जिले में “सामुदायिक नेतृत्व का उत्सव” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक नेतृत्व को प्रोत्साहित करने तथा चारागाह एवं सामुदायिक भूमि विकास में सक्रिय योगदान देने वाले नेताओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में राजेन्द्र निमेष ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए हुए सभी शामलात लीडरों का स्वागत करते हुए कहा कि “चारागाह और सामुदायिक भूमि विकास केवल पर्यावरणीय सुधार का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीण आजीविका की सुरक्षा का आधार भी है।” उन्होंने चारागाह विकास के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे ग्राम स्तरीय लीडर के योगदान की सराहना की और उन्हें सम्मानित करने की घोषणा की।
साथ ही उन्होंने फाउंडेशन फॉर इकोलॉजिकल सिक्योरिटी द्वारा सुझाए गए वृक्षारोपण के “चार स्वर्ण नियम” - सही समय, सही प्रजाति, सही स्थान और सही विधि का पालन करने की अपील की।
ग्राम सभा एवं परिसंपत्ति रजिस्टर पर बल
अपने उद्बोधन में उन्होंने आगामी 2 अक्टूबर को आयोजित ग्राम सभाओं में सभी ग्राम पंचायतों से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि ग्राम की सामुदायिक भूमि एवं चारागाहों को परिसंपत्ति रजिस्टर में दर्ज किया जाए, ताकि इन भूमियों की सुरक्षा और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी वार्षिक योजनाओं (प्रस्तावों) में चारागाह विकास कार्यों को सम्मिलित किया जाना चाहिए ताकि सतत विकास का मार्ग प्रशस्त हो सके।
इसके पश्चात ब्लॉक स्तर से चयनित शामलात लीडरों को प्रमाण पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों में ग्राम पंचायतों के सरपंच, चारागाह समिति सदस्य एवं ग्रामीण स्वयंसेवक शामिल थे जिन्होंने अपने क्षेत्र में सामुदायिक संसाधनों के संरक्षण, चारागाह सुधार एवं वृक्षारोपण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किए हैं।
अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। समारोह का समापन सामूहिक संकल्प के साथ हुआ - कि जिले में सामुदायिक नेतृत्व को और सशक्त बनाया जाएगा तथा चारागाह एवं बंजर भूमि विकास के कार्यों को जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी मनोहर थाना कैलाश मीणा, अधिशाषी अभियंता झालरापाटन रमेश तथा प्रशासक खारपा ग्राम पंचायत चंद्रकांत जी उपस्थित रहे।
Next Story