छत्तीसगढ़

कांग्रेसी मतलब गुंडे, छग बीजेपी का दावा, डांसर सपना चौधरी की हत्या की साजिश रचने वाले थे इन्ही के लोग

Nil dhankar
15 Oct 2025 4:16 PM IST
कांग्रेसी मतलब गुंडे, छग बीजेपी का दावा, डांसर सपना चौधरी की हत्या की साजिश रचने वाले थे इन्ही के लोग
x

कोरबा। कोरबा में बीते 12 अक्टूबर को एक रिजॉर्ट में हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के कार्यक्रम में हंगामा करने वाले कांग्रेसी बताए जा रहे हैं। इसे लेकर भाजपा ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधा है।

बता दें कि छत्तीसगढ़ के कोरबा में 12 अक्टूबर को जश्न रिजॉर्ट में हरियाणा की मशहूर डांसर सपना चौधरी के साथ दुर्व्यवहार और गोली मारने की धमकी देने का मामला सामने आया था। यहां सपना चौधरी का कार्यक्रम आयोजित था, कार्यक्रम के दौरान भारी भीड़ और हंगामे के कारण उन्होंने ढाई घंटे की जगह सिर्फ एक घंटे में ही कार्यक्रम को खत्म कर दिया।

रिजॉर्ट संचालक चरणजीत सिंह और सपना चौधरी की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने चार लोगों अमित नवरंगलाल अग्रवाल, अनिल द्विवेदी, युगल शर्मा और सुजल अग्रवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि ये चारों देर रात सपना चौधरी के कमरे तक पहुंचे, दरवाजा तोड़ने की कोशिश की, गालियां दीं और गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने रिजॉर्ट में तोड़फोड़ की और सीसीटीवी का डीवीआर व 10 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। इधर, दूसरे पक्ष के अनिल द्विवेदी ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका कहना है कि जब वे सपना चौधरी को सफल कार्यक्रम की बधाई देने पहुंचे, तो रिजॉर्ट कर्मियों ने उन्हें रोका और मारपीट कर उनके गले से पांच तोला सोने की चैन लूट ली।

एडिशनल एसपी नितीश ठाकुर ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट के आरोपों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उधर, सपना चौधरी ने भी पुलिस और मीडिया को भेजे पत्र में कहा कि अगर मौके पर पुलिस और रिजॉर्ट मालिक करनदीप सिंह मदद नहीं करते तो उनकी जान जा सकती थी। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Next Story
null