राजस्थान

Jaipur: जयपुर में विकास परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, 219 करोड़ मंजूर

Admindelhi1
22 July 2026 9:50 AM IST
Jaipur: जयपुर में विकास परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, 219 करोड़ मंजूर
x
जयपुर के विकास कार्यों के लिए JDA का बड़ा बजट

जयपुर: शहर की दशा-दिशा सुधारने की दिशा में जयपुर विकास प्राधिकरण लगातार काम रहा है। शहर के विकास को लेकर जेडीए 219 करोड़ रुपये खर्च करेगा। जेडीए शहर में सड़क, ड्रेनेज, हरित विकास, पार्क विकास, सामुदायिक सुविधाओं एवं खेल अधोसंरचना के काम करवाएगा।

जेडीसी सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में मंगलवार को जेडीए मुख्यालय स्थित मंथन सभागार में पीडब्ल्यूसी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने, यातायात व्यवस्था में सुधार, जल निकासी, सड़क निर्माण, हरित विकास, पार्क विकास एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विचार कर लगभग 219 करोड़ रुपए की विकास योजनाओं को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में जोन-सी में सवाई माधोपुर रेलवे लाइन से शिप्रा पथ तक करतारपुरा नाले के पुनस्र्थापन एवं निर्माण कार्य के लिए 165.73 करोड़ , विद्याधर नगर के निकट स्वर्ण जयंती ऑक्सीजन पार्क के विकास के लिए 7.54 करोड़, रामनिवास बाग क्षेत्र (गार्डन-1) में रॉयल हैप्पीनेस पार्क के विकास के लिए 13.25 करोड़ तथा राजस्थान उत्सव पार्क (वेस्ट-टू-वंडर) के विकास के लिए 24.55 करोड़ रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। ये परियोजनाएं शहर में हरित क्षेत्र के विस्तार, पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन को बढ़ावा देने तथा नागरिकों को आधुनिक एवं आकर्षक सार्वजनिक मनोरंजन स्थल उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

बैठक में जोन-10 अंतर्गत ग्राम सायपुरा, गुवाड़ी तथा पालेड़ा मोड़ से बालकृष्णपुरा तक सड़क नवीनीकरण कार्यों के लिए 3.95 करोड़, जोन-7 में अजमेर पुलिया से पुरानी चुंगी (मजार) तक एलिवेटेड रोड के नवीनीकरण के लिए 4.20 करोड़ की के कार्य की संशोधित मंजूरी दी है। बैठक में सचिव डॉ. गौरव सैनी, निदेशक अभियांत्रिकी संजीव जैन , निदेशक वित्त सुरेश वर्मा सहित जेडीए के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Story