राजस्थान

Jaipur: गुरु पूर्णिमा पर विकास की बड़ी सौगात, 691 करोड़ की परियोजनाएं शुरू

Admindelhi1
29 July 2026 10:20 AM IST
Jaipur: गुरु पूर्णिमा पर विकास की बड़ी सौगात, 691 करोड़ की परियोजनाएं शुरू
x
मुख्यमंत्री के हाथों 691 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास

जयपुर: गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रदेश को शिक्षा क्षेत्र में नई सौगात देंगे। भरतपुर में 29 जुलाई को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री 691 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न शैक्षिक निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।

इस दौरान कक्षा 1 से 8 तक अध्ययनरत 40 लाख से अधिक पात्र विद्यार्थियों को निशुल्क यूनिफॉर्म के लिए 250 करोड़ रुपए की राशि सीधे उनके खातों में हस्तांतरित की जाएगी।

राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री ‘मिशन पढ़ो राजस्थान’ के अंतर्गत रीडिंग प्रमोशन कैम्पेन का भी शुभारंभ करेंगे। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत बनाने, पढ़ने की आदत विकसित करने और पठन को सहज एवं रुचिकर बनाना है।

इसके तहत प्रदेश के सभी विद्यालयों में प्रतिदिन सातवें कालांश में पठन गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों को विद्यालयों से जोड़ने और उन्हें विद्यार्थियों की वर्षभर की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘निपुण कैलेंडर’ का भी विमोचन किया जाएगा। इसके माध्यम से अभिभावक अपने बच्चों की पढ़ाई और विद्यालय में होने वाली विभिन्न गतिविधियों से नियमित रूप से जुड़े रह सकेंगे।

इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम को प्रदेश में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, विद्यार्थियों में पठन संस्कृति विकसित करने और अभिभावकों की शैक्षणिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Next Story