राजस्थान

Jaipur: मोती डूंगरी गणेश मंदिर में मोदकों का भव्य दरबार, विशाल मोदकों ने खींचा ध्यान

Admindelhi1
9 Sept 2026 5:21 PM IST
Jaipur: मोती डूंगरी गणेश मंदिर में मोदकों का भव्य दरबार, विशाल मोदकों ने खींचा ध्यान
x
गणेश मंदिर में भव्य मोदक झांकी, 251 किलो के दो विशाल मोदक आकर्षण का केंद्र

जयपुर: गणेश जन्मोत्सव के अवसर पर मोती डूंगरी गणेश मंदिर में बुधवार को मोदकों की भव्य झांकी सजाई गई। इसमें 251-251 किलो के दो विशाल मोदक, 51-51 किलो के पांच और 21-21 किलो के 21 मोदक शामिल रहे। इसके अलावा 1.25 किलो वजन के 1100 मोदक और हजारों छोटे मोदक भी झांकी में सजाए गए।

मंदिर के महंत कैलाश शर्मा ने बताया कि मोदक तैयार करने में करीब 3000 किलो घी, 3000 किलो बेसन, 9000 किलो शक्कर और 1000 किलो सूखे मेवों का उपयोग किया गया। भक्तों के लिए सुबह 5 बजे से मोदक झांकी के दर्शन शुरू हुए, जो देर रात तक जारी रहे। इस दिन मंदिर में बाहर से लाया गया प्रसाद न तो चढ़ाया गया और न ही स्वीकार किया गया। भगवान गणेश को 21, 108 और 1008 मोदक अर्पित किए गए। वहीं

शाम 6 बजे सुगम संगीत और कथक की प्रस्तुति हुई, जबकि शाम 7 बजे श्रद्धालुओं के लिए नि:शुल्क प्रसाद वितरण किया गया।

महंत शर्मा ने बताया कि मंदिर में 10 सितंबर को फलों, 11 सितंबर को सब्जियों और 12 सितंबर को फूलों की विशेष झांकी सजाई जाएगी। इन झांकियों में प्रकृति और भक्ति का संगम देखने को मिलेगा। तीनों दिन शाम 6 बजे कथक की प्रस्तुति होगी। इसके अलावा ध्रुपद, सुगम संगीत और कथक के कलाकार अपनी कला भगवान गणेश को समर्पित करेंगे।

गौरतलब है कि 13 सितंबर को मेहंदी पूजन और सिंजारा होगा। 14 सितंबर को गणेश जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस दिन सुबह 5 बजे मंगला आरती से रात 11:40 बजे शयन आरती तक श्रद्धालुओं को दर्शन होंगे। विशेष पूजन सुबह 11:20 बजे, श्रृंगार आरती 11:30 बजे, भोग आरती दोपहर 2:15 बजे और संध्या आरती शाम 7 बजे होगी। भोग के दौरान दोपहर 1:30 से 2 बजे तक मंदिर के पट मंगल रहेंगे। 15 सितंबर को गणेश जी का नगर भ्रमण होगा।

Next Story