राजस्थान

सीवरेज प्रोजेक्ट से टूटी सड़कें बनवाने के निर्देश

Admindelhi1
22 Feb 2024 8:03 AM GMT
सीवरेज प्रोजेक्ट से टूटी सड़कें बनवाने के निर्देश
x
कार्यालय की नाली रोजाना लबालब भरी रहती है

भरतपुर: नगर निगम पहुंचे स्वायत्त शासन विभाग के प्रमुख सचिव टी. रविकांत को अधिकारियों और इंजीनियरों को आईना दिखाना पड़ गया। दरअसल नगर निगम कार्यालय की नाली रोजाना लबालब भरी रहती है। वहीं निगम का पूरा अमला बैठता है। इसके बावजूद कभी उन्हें गंदगी भरी नाली से परेशानी नहीं हुई। वह बुधवार को विकास-कार्यों की समीक्षा के लिए भरतपुर आए थे। दौरे के दौरान उन्होंने सीवरेज प्रोजेक्ट में क्षतिग्रस्त रोड की जल्द गुणवत्तापूर्ण मरम्मत करने के आदेश भी दिए हैं।

प्रमुख सचिव टी. रविकांत दोपहर में नगर निगम कार्यालय का अवलोकन किया। उन्हें सफाई शाखा के बाहर वाली नाली गद्दे पानी से लबालब भरी हुई दिखाई दी। इस पर उन्होंने एक्सईएन विनोद चौहान से सवाल किया कि यह नाली खुली हुई क्यों है? इसे ढकवा क्यों नहीं रखा? उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नाली साफ तो रख ही सकते हैं? जिस कार्यालय में आप बैठते हैं वहां ऐसा हाल है, तो शहर कैसे साफ और मेंटेन रखेंगे? गैलरी देख पूछा कि अलमारियां क्यों रखी हैं? जिस पर उन्हें पुरानी पत्रावलियों और दस्तावेज रखे होने की जानकारी दी गई।

डीएलबी को किया फोन, बोले- एक घंटे में कबाड़ उठाने की भेजो अनुमति प्रमुख सचिव ने कचरा उठाव की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की कार्यप्रणाली विस्तार से देखा। उन्होंने सफाई व्यवस्था की निरंतर निगरानी चलाए जाने की जरूरत बताई। यूडी टैक्स कलेक्शन की ऑनलाइन प्रक्रिया की पूरी जानकारी ली। टैक्स संबंधित समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया पूछी। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र शाखा और निगम कंट्रोल रूम में जाकर कामकाज देखा। एक्सईएन कार्यालय के पीछे कबाड़ का ढेर देख, उन्होंने पूछा कि इसे हटवाया क्यों नहीं? लेखाधिकारी पंकज गुप्ता ने डीएलबी से अनुमति नहीं आना बताया। प्रमुख सचिव ने उसी समय निदेशालय फोन कर एक घंटे में अनुमति भिजवाने का निर्देश दिया। साथ ही अधिकारियों से कहा कि उन्हें अगली विजिट में कबाड़ नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने यूआईटी सचिव को निर्देश दिए कि नागरिकों को काम के लिए चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

Next Story