राजस्थान

उत्तर भारत में रात के साथ ही अब दिन में भी बढ़ रही सर्दी

Admin Delhi 1
7 Dec 2022 1:08 PM GMT
उत्तर भारत में रात के साथ ही अब दिन में भी बढ़ रही सर्दी
x

जयपुर: प्रदेश में सर्दी का असर रात के साथ साथ दिन में भी बढ़ रहा है। वहीं एक दो दिन में दिन और रात के तापमान में कई शहरों में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट देखने को मिल सकती है, क्योंकि उत्तर भारत में अभी मौसम बिल्कुल शुष्क बना हुआ है और वहां से लगातार बफीर्ली हवाएं मैदानी इलाकों में आ रही है। राजस्थान में मौसम की स्थिति देखे तो बीकानेर, चूरू, अलवर, फतेहपुर, करौली, कोटा में रात में ठंड का असर और बढ़ गया है। बीती रात बीकानेर में पारा 2.5 डिग्री सेल्सियस तक गिरकर 8.6 पर दर्ज हुआ जो इस सीजन में बीकानेर शहर का सबसे कम तापमान रहा। बीकानेर के अलावा नागौर जिले में भी सीजन की सबसे ज्यादा ठंडी रात रही, जहां न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कोटा में न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस गिरकर 10.6 दर्ज हुआ। इधर उत्तरी भारत में सर्द हवाओं का फ्लो बढ़ने से रात में लोगों को अब हल्की शीतलहर भी सताने लगी है। जयपुर में दिन का तापमान 24.8 डिग्री और बीती रात न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री रहा।

आबू में सर्दी से थोड़ी राहत: दो दिन लगातार पारा शून्य में रहने के बाद माउंट आबू के लोगों को सर्दी से थोड़ी राहत मिली है। यहां बीती रात का न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे पहले आबू में पारा शून्य पर दर्ज होने से बर्फ जमी थी। माउंट आबू के अलावा सीकर के फतेहपुर में भी न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री पर आ गया। इस सीजन में यह दूसरी बार है जब फतेहपुर में पारा 2 डिग्री सेल्सियस के नजदीक पहुंचा है।

Next Story