सरकारी स्कूल सवाईपुर ने 131 फीट तिरंगे के साथ रचा इतिहास, 700 विद्यार्थियों की भव्य तिरंगा यात्रा

भीलवाड़ा । स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में राज्य सरकार एवं शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान में गुरुवार को कोटड़ी उपखंड की सवाईपुर ग्राम पंचायत स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ने 131 फीट लंबे तिरंगे के साथ ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा निकालकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। विशाल तिरंगा यात्रा में 700 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे कस्बे में देशभक्ति का अद्भुत वातावरण छा गया। विद्यालय की ओर से पहली बार 131 फीट लंबे तिरंगे को यात्रा में शामिल किया गया, जो पूरे आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा। तिरंगे के साथ सेल्फी लेने के लिए विद्यार्थियों और ग्रामीणों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने इस अनूठे प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए विद्यालय को बधाई दी। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ पूर्व सरपंच अमरचंद गाडरी तथा विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. प्रतिष्ठा ठाकुर ने झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर शांतिलाल आचार्य, गोविंद प्रजापत एवं अभिषेक श्रोत्रिय सहित अनेक गणमान्य नागरिकों का स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर से प्रारंभ हुई यात्रा तेजाजी चौक, सालरिया मार्ग, बड़ा मंदिर, गाड़री मोहल्ला, विद्युत ग्रिड, भगवा सर्किल एवं मुख्य बस स्टैंड से होते हुए पुनः विद्यालय पहुंची। मार्गभर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया तथा भारत माता की जय, वंदे मातरम् और इंकलाब जिंदाबाद के गगनभेदी नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो उठा। प्रधानाचार्य डॉ. प्रतिष्ठा ठाकुर के नेतृत्व में विद्यार्थी हाथों में तिरंगा थामे देशभक्ति गीतों पर कदमताल करते हुए आगे बढ़ते रहे। 131 फीट लंबे तिरंगे के साथ सैकड़ों बच्चों का अनुशासित मार्च लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना। यात्रा जिस मार्ग से गुजरी, वहां ग्रामीणों ने अपने मोबाइल कैमरों में इस ऐतिहासिक पल को कैद किया। सवाईपुर में लगातार दूसरी बार आयोजित इस भव्य तिरंगा यात्रा की सफलता पर जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने विद्यालय परिवार, विशेषकर प्रधानाचार्य डॉ. प्रतिष्ठा ठाकुर के नेतृत्व और आयोजन क्षमता की सराहना करते हुए इसे राष्ट्रप्रेम का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।





