राजस्थान

Ganganagar: जिला कलेक्टर की रात्रि चौपाल आयोजित ग्रामीणों को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ

Tara Tandi
1 May 2025 5:27 PM IST
Ganganagar: जिला कलेक्टर की रात्रि चौपाल आयोजित ग्रामीणों को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ
x
Ganganagar गंगानगर । जिले के सीमावर्ती क्षेत्र घड़साना पंचायत समिति की ग्राम पंचायत सखी में बुधवार को जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल आयोजित हुई। इस दौरान ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं के निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देश देते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री महोदय की भावना के अनुसार परिवेदनाओं का निस्तारण कर आमजन को राहत पहुंचाई जाए। रात्रि चौपाल में ग्रामीणों को नशा मुक्ति के लिए शपथ भी दिलवाई गई। इस दौरान 25 प्रकरण आए।
रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों द्वारा पेयजल, नियमित बिजली व जलापूर्ति, लिंक रोड निर्माण, रबी खराबा की राशि दिलाने, पालनहार और वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ दिलाने, समर्थन मूल्य पर खरीद के भुगतान सहित अन्य परिवाद दिए गए। विद्युत विभाग की योजनाओं का समुचित लाभ ग्रामीणों को दिलाने के निर्देश देते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि विभागीय अधिकारी पीएम सूर्यघर योजना के तहत अधिक से अधिक आमजन को अपने घरों में सोलर लगवाने के लिए प्रेरित करें।
जिला कलक्टर ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को बुलाकर उक्त परिवादों के निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुसार आमजन की समस्याओं को जल्द से जल्द हल किया जाए। जनसुनवाई के साथ-साथ रात्रि चौपाल में आने वाले सभी प्रकरणों में विभागीय अधिकारियों द्वारा गंभीरतापूर्वक कार्यवाही करते हुए संबंधित पीड़ित को राहत दिलवाना सुनिश्चित किया जाए।
पेयजल से संबंधित शिकायत पर जिला कलक्टर द्वारा पीएचईडी के वाटर वर्क्स का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान फिल्टर की मरम्मत करवा स्वच्छ जलापूर्ति के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों की मांग पर जिला कलक्टर द्वारा सीएमएचओ को निर्देश दिए गए कि दिव्यांगजनों के लिए ब्लॉक स्तर पर मेडिकल कैंप लगाना सुनिश्चित करें।
इसके पश्चात डॉ. मंजू द्वारा नशामुक्त श्रीगंगानगर अभियान के तहत नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ एकजुट हों और ऐसी गतिविधियों की सूचनाएं पुलिस को उपलब्ध करवाएं। उन्होंने सभी से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया जबकि घड़साना एसडीएम सुश्री किरणपाल ने उपस्थितजनों को नशा मुक्ति की शपथ दिलवाई। इससे पहले जिला कलक्टर द्वारा अनूपगढ़ और घड़साना में भी बैठक लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
रात्रि चौपाल में एडीएम सतर्कता श्रीमती रीना, एडीएम अनूपगढ़ श्री अशोक सांगवा, जिला परिषद सीईओ श्री गिरधर, सरपंच श्रीमती रानी देवी, डॉ. अजय सिंघला, श्री वीआई परिहार, बीडीओ, तहसीलदार, ग्राम विकास अधिकारी, पटवारी, विद्युत विभाग के अधिकारी, कार्मिक एवं ग्रामीण सहित अन्य उपस्थित रहे।
Next Story