राजस्थान

कोटा उत्तर वार्ड 31- सुभाष नगर हाइटेंशन लाइन का खौफ

Admin Delhi 1
17 Oct 2022 1:54 PM GMT
कोटा उत्तर वार्ड 31- सुभाष नगर हाइटेंशन लाइन का खौफ
x

कोटा: वार्ड नम्बर 31 में लम्बे समय से एक गली से गुजर रही हाइटेंशन लाइन के चलते मोहल्लेवासियों में खौफ है। लोग छतों पर जाने से कतराते हैं। लोगों को हमेशा हादसा होने की आशंका बनी रहती है। कॉलोनीवासियों ने बताया कि लम्बे समय से इस हाईटेंशन लाइन के चलते गली में स्थित रहवासी अपनी छतों पर जाने से कतराते हैं। छह साल पूर्व एक बालिका छत पर खेलते वक्त विद्युत लाइन पर डंडा लग जाने से हादसे का शिकार हो गई थी। पिछले साल निखिल शर्मा अपनी छत पर दीपावली की रोशनी को लेकर डेकोरेशन करते समय करंट की चपेट में आ गया था। उसका एक हाथ करंट से जल गया था। इन हादसों के बाद लोगों में खौफ व्याप्त हो गया है। इस संबंध में वार्डवासियों ने स्वायत्त शासन मंत्री को भी ज्ञापन दिया था। उस समय उन्होंने शीघ्र समस्या समाधान के लिए आश्वस्त किया था, लेकिन अभी तक कोई समाधान हो नहीं पाया है। दूसरी ओर यहां नालियों की समयबद्ध सफाई नहीं होने से कीचड़ गंदगी के चलते मच्छरों की भरमार हो गई है।

इनका कहना है:

बारिश में यहां जब भी बैराज के गेट खुलते हैं तो यहां पर पानी की संकट हो जाता है। जल उत्पादन केन्द्रों की मोटरों को बाहर निकालने पर पेयजल समस्या व्याप्त हो जाती हैं। मोहल्लेवासियों को थर्मल कॉलोनी जाकर पानी लाना पड़ता हैं।

- राजेन्द्र प्रसाद, स्थानीय निवासी

मोहल्ले में हाइटेंशन लाइन को लेकर गंभीर परेशानी हैं। इससे पूर्व में हादसे हो चुके हैं। इस समस्या के समाधान के लिए काफी प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली।

- आशीष सैन, स्थानीय निवासी

इस वार्ड में हाइटेंशन विद्युत लाइन की समस्या हैं। इस सम्बंध में स्वायत्त शासन मंत्री को भी अवगत करवाया था। यहां डोमेस्टिक लाइन नहीं है। इस समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है।

- राजेश पाराशर, वार्ड पार्षद

Next Story