
x
Source: aapkarajasthan.com
जयपुर न्यूज़- फाल्गुन मास शुरू, छोटी काशी के मंदिरों में शुरू होगा फगोत्सव का त्योहार मंदिरों में ठाकुरजी सहित फूल व गुलाल से फाग भजनों के साथ होली खेली जाएगी। इसी कड़ी में जयपुर वासियों के आराध्य गोविन्ददेवजी मंदिर में 15 फरवरी से पारम्परिक फागोत्सव मनाया जाएगा। बीस दिवसीय फागोत्सव में प्रदेश भर से 250 से अधिक कलाकार होली की चौकियों पर नृत्य व चांग-धप की थाप पर फाग भजन कर गोविंद को रिझाएंगे।
गोविंददेवजी मंदिर में 26 फरवरी तक मनाए जाने वाले फगोत्सव में ठिकाना मंदिर श्री गोविंददेवजी द्वारा महंत अंजन कुमार गोस्वामी की उपस्थिति में अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंदिर के प्रवक्ता मानस गोस्वामी ने बताया कि 15 से 26 फरवरी तक दोपहर 12.30 से 12.45 बजे तक रचना झांकी के दर्शन होंगे। इस दौरान गोविन्द के दरबार में जाने-माने कलाकार अपनी कला की प्रस्तुति देंगे। होलिकोत्सव 27 फरवरी से 2 मार्च तक मनाया जाएगा। दोपहर 12:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक कई सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
इसमें कलाकार ठाकुरजी के समक्ष गायन व नृत्य के साथ प्रस्तुति देंगे। इस दौरान रचना झांकी के दर्शन दोपहर 3 से 4:30 बजे तक खुलेंगे। 3 व 4 मार्च को ठाकुरजी के समक्ष पुष्प फागोत्सव मनाया जाएगा। इसमें भजन गायक बलव्यास श्रीकांत शर्मा भजन प्रस्तुत करेंगे। 5 मार्च को कोलकाता के मालीराम शास्त्री होली के छंद गाएंगे। 6 मार्च को ठाकुरजी के सामने गुलाल होली खेली जाएगी। ठाकुरजी को गुलाल चढ़ाने के बाद श्रद्धालु आपस में गुलाल से होली खेलेंगे।
Next Story