समाज की एकता एवं संगठन की मजबूती के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा: बसन्तीलाल काल्या

Bhilwara: जिले के हुरड़ा तहसील माहेश्वरी सभा के निर्वाचन सर्वसम्मति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में निर्विरोध सम्पन्न हुए। सभा के सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन होने से समाजबंधुओं में हर्ष एवं उत्साह का माहौल रहा। निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से सम्पन्न होने पर समाज के वरिष्ठजनों एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त की। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत अरविन्द कुमार सोमानी को अध्यक्ष एवं अशोक अजमेरा को मंत्री पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद पर रामगोपाल काहल्या, कोषाध्यक्ष पद पर सत्यनारायण तोषनीवाल, संगठन मंत्री पद पर राधेश्याम जागेटिया तथा संयुक्त मंत्री पद पर अशोक कुमार डाड निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं जिला प्रतिनिधि के रूप में बसन्तीलाल काल्या, दिनेश तोषनीवाल, शिवकुमार काष्ट, संजय राठी, मुकेश काहल्या एवं बालकृष्ण झंवर का चयन किया गया। सभा के संरक्षक बसन्तीलाल काल्या ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए समाजहित में समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की एकता एवं संगठन की मजबूती के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। समाज के वरिष्ठजनों एवं गणमान्य नागरिकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माला एवं साफा पहनाकर अभिनंदन किया तथा विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम के नेतृत्व में माहेश्वरी समाज संगठनात्मक रूप से और अधिक मजबूत होगा तथा समाजहित के कार्यों को नई गति मिलेगी। निर्वाचन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराने में चुनाव अधिकारी राजेंद्र प्रसाद बिड़ला, कृष्ण गोपाल राठी एवं रामकिशन सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं जिला पर्यवेक्षक प्रमोद डाड एवं अशोक बिड़ला के मार्गदर्शन में संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई। इस अवसर पर नगरपालिका गुलाबपुरा के निवर्तमान चेयरमैन सुमित काल्या ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को माला एवं साफा पहनाकर शुभकामनाएं दी। समाजजनों ने चुनाव अधिकारियों एवं जिला पर्यवेक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए समाज की एकता, विकास एवं संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में हुरड़ा तहसील माहेश्वरी सभा के पूर्व अध्यक्ष शिवकुमार लढा ने सभी अतिथियों एवं समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





