
Anupgarh, अनूपगढ़: राजस्थान के अनूपगढ़ की नई धान मंडी में गेहूं खरीद के दौरान फटे बारदाने को लेकर विवाद बढ़ गया। खराब गुणवत्ता के बैग मिलने से नाराज व्यापारी, किसान और मजदूर धरने पर बैठ गए और दो क्वालिटी इंस्पेक्टरों को बंधक बना लिया। आरोप है कि एफसीआई द्वारा दिए गए करीब एक लाख जूट बैग फटे और पुराने थे, जिससे तुलाई और भंडारण में दिक्कतें आईं। व्यापारियों का कहना है कि शिकायत के बावजूद समाधान नहीं मिला, जिसके बाद उन्होंने विरोध तेज कर दिया। मजदूरों ने दोनों अधिकारियों को गेस्ट हाउस के कमरे में रोककर उनके मोबाइल भी अपने कब्जे में ले लिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक नए बैग उपलब्ध नहीं कराए जाते, तब तक उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। सूचना मिलने पर प्रशासन मौके पर पहुंचा और वार्ता शुरू की गई। अधिकारियों ने सप्लायर को जल्द नया बारदाना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।





