राजस्थान

Didwana: बच्चों से भरी पिकअप दुर्घटनाग्रस्त, 1 गंभीर, 44 घायल

Admindelhi1
26 Jan 2026 9:45 PM IST
Didwana: बच्चों से भरी पिकअप दुर्घटनाग्रस्त, 1 गंभीर, 44 घायल
x
गणतंत्र दिवस के उत्सव से लौटते बच्चों पर हादसा

डीडवाणा: गणतंत्र दिवस कार्यक्रम देखकर लौट रहे स्कूली बच्चों से भरी एक पिकअप के पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया। पिकअप में 45 से 50 से अधिक बच्चे सवार थे, जिनमें से करीब 44 बच्चे घायल हो गए। हादसा डीडवाना के खरवलिया गांव के पास सोमवार दोपहर बाद हुआ।

हादसे में घायल बच्चों को पहले छोटी खाटू के राजकीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां संसाधनों की कमी के चलते सभी को डीडवाना के बांगड़ जिला अस्पताल रेफर किया गया। 40 घायल बच्चे डीडवाना जिला अस्पताल में भर्ती हैं। जबकि, एक गंभीर घायल को जयपुर रेफर किया गया है। तीन बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

जानकारी के अनुसार, एक ही पिकअप में 42 बच्चों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। सभी बच्चे भवाद गांव के रहने वाले हैं और मंडूकरा गांव के सरकारी स्कूल में आयोजित गणतंत्र दिवस कार्यक्रम देखकर लौट रहे थे।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू में जुट गए।

प्रत्यक्षदर्शी डॉ. दिलीप चौधरी ने बताया कि वे पिकअप के पीछे ही आ रहे थे। रास्ते में उन्होंने पिकअप को पलटा हुआ देखा और तुरंत बच्चों को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया।

हादसे के बाद परिजनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। परिजनों ने आरोप लगाया कि यह हादसा स्कूल प्रबंधन और प्रिंसिपल की लापरवाही के कारण हुआ। परिजनों का कहना है कि बच्चों को रोजाना इसी तरह जान जोखिम में डालकर पिकअप में ले जाया जाता है। परिजनों ने बताया कि पिकअप सरकारी स्कूल का टीचर संतोष कुमार चला रहा था, जिसे वाहन चलाने का अनुभव नहीं था। उन्होंने संबंधित शिक्षक को सस्पेंड करने की मांग की है।

घायल छात्रा रिंकू ने बताया कि पिकअप में 35-40 बच्चे सवार थे। अचानक झटका लगा और गाड़ी पलट गई। इसके बाद चारों तरफ चीख-पुकार मच गई।

घायलों की संख्या अधिक होने के कारण जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में बेड कम पड़ गए। मजबूरी में एक-एक बेड पर दो-दो बच्चों को लिटाकर इलाज किया गया। अस्पताल प्रशासन ने अतिरिक्त स्टाफ को बुलाकर इलाज की व्यवस्था की।

घटना की सूचना पर भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा, पूर्व विधायक चेतन डूडी, एडीएम मोहनलाल खटवनालिया और डीटीओ सुप्रिया बिश्नोई जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। पूर्व विधायक चेतन डूडी ने इसे स्कूल और प्रशासन दोनों की लापरवाही बताया।

डीटीओ सुप्रिया बिश्नोई ने बताया कि यह पिकअप डीप एरिया में चल रही थी, जिसको लेकर पहले कोई शिकायत सामने नहीं आई थी। डीडवाना थानाधिकारी राजेंद्र कमांडो पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्कूल प्रबंधन व वाहन चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।

Next Story