फर्जी पत्रकारों पर शिकंजा कसने की मांग, प्रेस क्लब के बैनर तले पत्रकारों ने कलक्टर-SP से की मुलाकात

Bhilwara। पत्रकारिता की आड़ में धोखाधड़ी, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग जैसी गतिविधियों में संलिप्त तथाकथित फर्जी पत्रकारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रेस क्लब भीलवाड़ा के बैनर तले बुधवार को बड़ी संख्या में पत्रकार एकजुट हुए। प्रेस क्लब अध्यक्ष सुखपाल जाट के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू एवं जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा से मुलाकात कर जिलेभर में विशेष अभियान चलाने तथा पत्रकारों का सत्यापन कराने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। प्रेस क्लब अध्यक्ष सुखपाल जाट ने अधिकारियों से चर्चा के दौरान कहा कि जिले में मीडिया का नाम और पहचान का दुरुपयोग कर कुछ असामाजिक तत्व अवैध गतिविधियों में संलिप्त हैं। ऐसे लोगों की वजह से निष्पक्ष, जिम्मेदार और वास्तविक पत्रकारिता की गरिमा एवं विश्वसनीयता को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की आड़ में ब्लैकमेलिंग, अवैध वसूली और लोगों को भयभीत करने वाले फर्जी तत्वों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जानी चाहिए। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और विभिन्न पोर्टलों के नाम पर फर्जी पत्रकार बनकर लोगों को गुमराह करने तथा अवैध लाभ लेने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि पत्रकारिता की साख बनी रहे और समाज में मीडिया के प्रति विश्वास कायम रहे।
जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू एवं पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने प्रतिनिधिमंडल की बात को गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की गरिमा और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की भी प्राथमिकता है। इसके लिए जिला मुख्यालय से लेकर उपखंड एवं थाना स्तर तक नियमानुसार प्रक्रिया अपनाते हुए पत्रकारों का पुलिस सत्यापन कराया जाएगा तथा पत्रकारिता की आड़ में अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान प्रेस क्लब महासचिव राजेश मेठानी, कोषाध्यक्ष सतीश वर्मा, वरिष्ठ रतन प्रजापति, अरुण मुछाल, राजेंद्र शर्मा, भगवान मेठानी, प्रहलाद तेली, अंकुर बोरदिया, राहुल कौशिक, पंकज पोरवाल, कृष्णगोपाल गोयल, सुशील लोढ़ा, जयेश पारीक, प्रकाश चपलोत पिन्टू, महावीर समदानी, लक्की शर्मा, पुनीत चपलोत, अंकुर सनाढ्य, रवि पायक, दीपेश छीपा, आशीष पाराशर, अमित शर्मा, अमित काबरा, दुर्गेश पानेरी, अनिल शर्मा, चेतन उपाध्याय, विजय जैथलिया सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ व युवा पत्रकार साथी उपस्थित रहे।





