राजस्थान

Dausa: बच्चों के अधिकारों के लिए जागरूकता पोस्टर लॉन्च किया गया

Admindelhi1
6 Jun 2025 4:03 PM IST
Dausa: बच्चों के अधिकारों के लिए जागरूकता पोस्टर लॉन्च किया गया
x

दौसा: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा तैयार किए गए बाल अधिकारों और बाल शोषण उन्मूलन से जुड़े जनजागरूकता पोस्टरों का विमोचन शुक्रवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश हुकुम सिंह राजपुरोहित ने डीजे कोर्ट के अवकाशागार में किया।

इस अवसर पर न्यायाधीश ने जिले में बाल अधिकारों के संरक्षण और बाल शोषण रोकथाम के लिए सभी विभागों को जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। विशेष रूप से लैंगिक अपराधों से बचाव के लिए पोक्सो एक्ट 2012, गुड टच-बैड टच, तथा बाल भिक्षावृति रोकथाम पर केंद्रित पोस्टरों का विमोचन हुआ।

पोस्टरों में बाल लैंगिक हिंसा एवं बाल भिक्षावृति से संबंधित कानूनी और दंडात्मक प्रावधानों के साथ साथ गुड टच-बैड टच की जागरूकता के लिए लघुचित्रात्मक सामग्री शामिल है। क्यूआर कोड के माध्यम से राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा निर्मित वीडियो सीरीज एवं चाइल्ड लाइन एनजीओ की फिल्म “हाथों की लकीरें” भी देखी जा सकती है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने बताया कि पोक्सो सहित बाल अपराधों के शिकार बच्चों को निशुल्क विधिक सहायता एवं प्रतिकर उपलब्ध कराए जाते हैं। सहायक निदेशक विश्व देव पाण्डे ने बताया कि पोस्टर राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के निर्देशानुसार विद्यालयों, सार्वजनिक स्थानों, चौराहों और तालुका स्तर के न्यायालयों में लगाए जाएंगे।

इस अवसर पर पारिवारिक न्यायालय की न्यायाधीश प्रेम राजेश, रेखा राठौड़, रविकांत सोनी, संतोष अग्रवाल, उमेश वीर, सीमा करोल, रविकांत मीना, कविता मीना और पुलकित शर्मा समेत कई वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण व बाल संरक्षण इकाई के अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Story