राजस्थान

Chittorgarh: कलेक्टर ने अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए

Admindelhi1
14 May 2026 12:50 PM IST
Chittorgarh: कलेक्टर ने अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए
x
"जिला कलेक्टर ने अस्पतालों में व्यवस्थाएं देखीं"

चित्तौड़गढ़: जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने बुधवार को जिला चिकित्सालय और महिला एवं बाल चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन को भीषण गर्मी को देखते हुए मरीजों और उनके परिजनों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिला कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता, पेयजल, कूलर, पंखों तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में अस्पताल आने वाले मरीजों और परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी व्यवस्थाएं संवेदनशीलता और तत्परता के साथ सुनिश्चित की जाएं।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों, ऑपरेशन थिएटर (ओटी) और लेबर रूम का गहन अवलोकन किया। उन्होंने साफ-सफाई, चिकित्सा उपकरणों की स्थिति तथा संक्रमण नियंत्रण संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि उपचार के दौरान संक्रमण रोकने के सभी मानकों की कड़ाई से पालना की जाए।

जिला कलेक्टर ने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं की चिकित्सा व्यवस्था पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि गर्भवती मरीजों की मेडिकल हिस्ट्री और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी सही एवं पूर्ण रूप से दर्ज की जाए तथा उपचार निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार ही किया जाए। उन्होंने हाई रिस्क प्रेग्नेंसी और जटिल डिलीवरी मामलों की निगरानी विशेषज्ञ स्त्री रोग चिकित्सकों द्वारा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को ऑपरेशन थिएटर की माइक्रोबायोलॉजिकल कल्चर जांच प्रत्येक पखवाड़े में कराने तथा नियमित फ्यूमिगेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सके।

निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने गायनिक वार्ड सहित अन्य वार्डों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर उपचार एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि चिकित्सा सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए तथा मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। गर्मी के मौसम को देखते हुए उन्होंने अस्पताल में मरीजों के साथ आने वाले परिजनों के लिए बैठने की व्यवस्था और ठंडे पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अस्पताल परिसर में नियमित सफाई और सभी संसाधनों को कार्यशील स्थिति में बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

डॉ. मंजू ने कहा कि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है और अस्पतालों में मानवीय संवेदनाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रभा गौतम सहित चिकित्सालय के चिकित्सक, नर्सिंगकर्मी और अन्य चिकित्सा कार्मिक उपस्थित रहे।

Next Story