
सूरत। रांदेर इलाके में दिल को झकझोर देने वाला हादसा सामने आया. यहां दोस्तों के साथ घूमने निकले 17 साल के किशोर की तापी नदी में डूबने से मौत हो गई. किशोर अपने दोस्तों के साथ निकला था. इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. जानकारी के अनुसार, 17 साल का किशोर अपने चार दोस्तों के साथ घर से निकला था. सभी दोस्त बाइक धोने और नहाने के लिए तापी नदी पर बने कॉजवे (वह जगह, जहां लोग अक्सर बाइक धोने या नहाने चले जाते हैं) पर पहुंचे थे. गर्मी के बीच दोस्तों ने नदी में उतरकर नहाना शुरू कर दिया. किशोर भी नहाने लगा.
इसी दौरान अचानक किशोर का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया. देखते ही देखते वह पानी की तेज धार में लापता हो गया. उसके दोस्तों ने शोर मचाया और उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई और बहाव इतना तेज था कि वे कुछ नहीं कर सके. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. गोताखोरों की मदद से काफी देर तक खोजबीन की गई. लंबे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद किशोर का शव नदी से बाहर निकाला गया. जैसे ही शव बाहर आया, वहां मौजूद परिजनों की चीखें सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं.
किशोर लिंबायत इलाके में रहता था. वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था. परिवार ने कभी नहीं सोचा था कि घर से हंसते हुए निकला उनका बेटा इस तरह हमेशा के लिए बिछड़ जाएगा. बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है और मोहल्ले में भी शोक की लहर फैल गई.





