राजस्थान

Chittorgarh: डिवाइडर से टकराई कार, दो की मौत

Sarita
17 Dec 2025 6:44 AM IST
Chittorgarh: डिवाइडर से टकराई कार, दो की मौत
x
Chittorgarh: जिले के भादसोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उदयपुर-चित्तौड़गढ़ सिक्स लेन पर एक भयानक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार अचानक सड़क के बीच लगे सीमेंट डिवाइडर से टकरा गई और पलटी खा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का इंजन बोनट से उछलकर सर्विस रोड से भी दूर जा गिरा। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
भादसोड़ा थानाधिकारी महेंद्रसिंह गुर्जर ने बताया कि हादसा मंगलवार सुबह लगभग 7 बजे हुआ। उदयपुर से चित्तौड़गढ़ की ओर जा रही कार नरधारी गांव के पास डिवाइडर से टकराई। टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए और राहगीरों व ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। एक व्यक्ति कार में फंस गया, जिसे ग्रामीणों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया।
घायलों और मृतकों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से चित्तौड़गढ़ जिला अस्पताल पहुंचाया गया। ग्रामीणों के अनुसार, मौके पर ही दो लोगों की मौत हो चुकी थी। यह तीनों व्यक्ति उदयपुर निवासी बताए जा रहे हैं। मृतकों के शव जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाए गए हैं और परिजनों को सूचना दी गई है। परिजनों के आने के बाद शव की शिनाख्त और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। घायल व्यक्ति की पहचान प्रवीण के रूप में हुई है। घटना स्थल पर नेशनल हाईवे के मैनेजर नरेंद्र चौधरी और पूर्व प्रधान गोविंदसिंह समेत कई ग्रामीण भी पहुंचे।
भादसोड़ा थानाधिकारी महेंद्रसिंह गुर्जर ने कहा कि प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण तेज गति बताया जा रहा है। उदयपुर से चित्तौड़गढ़ जा रही यह कार इतनी तेज थी कि डिवाइडर से टकराने के बाद इंजन तक उछलकर दूर जा गिरा। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है और हादसे की गहन जांच शुरू कर दी है।
Next Story