राजस्थान

नागौर में खुद बाइक चोर को पकड़ना युवक के लिए पड़ा भारी, मालिक गिरफ्तार

Gulabi Jagat
4 July 2022 5:04 PM IST
नागौर में खुद बाइक चोर को पकड़ना युवक के लिए पड़ा भारी, मालिक गिरफ्तार
x
जोधपुर. एक युवक को मोटरसाइकिल चोरी होने के बाद खुद चोर को पकड़ना भारी पड़ गया. युवक ने आरोपी को तो पकड़ लिया, लेकिन आरोपी के परिजनों ने मोटरसाइकिल मालिक और उसके साथियों के खिलाफ ही अपहरण का मामला दर्ज करवा दिया. जिसके बाद पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया है.
कुछ दिनों पहले नागौर निवासी विनोद तेली की मोटरसाइकिल चोरी हो (Bike theft in Nagaur) गई थी. उसने अपने साथी महेंद्र, हीरालाल और देशमुख विश्नोई के साथ मिलकर खुद चोर की तलाश शुरू कर दी. उन्हें जब पता चला कि उनकी बाइक नागौर के रघुवीर नाम के युवक ने चुराई है, तो उन्होंने उसको पकड़ लिया.
रघुवीर से पूछताछ करने पर पता चला कि उसने बाइक जोधपुर निवासी पंकज को बेच दिया था, जो चोरी किए गए सामानों को आगे बेचने का काम करता था. शनिवार को विनोद अपने साथियों के साथ जोधपुर आया और उसने रघुवीर से तय स्थान पर पंकज वैष्णव को बुलाने को कहा. पंकज जब वहां पहुंचा तो विनोद और उसके दोस्तों ने उसके साथ मारपीट की और उसे अपनी गाड़ी में डालकर नागौर ले आए. वहीं नागौर आने के बाद पंकज को पुलिस के हवाले कर दिया गया.
पंकज के परिजन ने दर्ज करवाया मामला: इस दौरान पंकज वैष्णव की मां निर्मला ने शनिवार रात अपने बेटे के अपहरण होने का मामला जोधपुर के प्रताप नगर थाने में दर्ज करवाया था. जिसके बाद प्रताप नगर थाना पुलिस रविवार को नागौर से विनोद और उसके साथी महेंद्र को गिरफ्तार कर जोधपुर ले आई. पुलिस विनोद के अन्य साथियों की तलाश कर रही है.
दूसरी तरफ नागौर पुलिस ने पंकज और रघुवीर को भी बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार किया है. प्रतापनगर थानाधिकारी देवीचंद ढाका का कहना है कि विनोद और उसके साथी को पंकज के अपहरण के मामले में गिरफ्तार किया गया है. वहीं रघुवीर और पंकज को बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया है.
Next Story