राजस्थान

Bundi: माहवारी स्वच्छता प्रबंधन जागरूकता सप्ताह अन्तर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण

Tara Tandi
2 Jun 2025 5:11 PM IST
Bundi: माहवारी स्वच्छता प्रबंधन जागरूकता सप्ताह अन्तर्गत एक दिवसीय प्रशिक्षण
x
Bundi बूंदी । महिला अधिकारिता विभाग द्वारा एक्शन एड-यूनिसेफ एवं वी द चेंज संस्था के सहयोग से माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन महिला अधिकारिता कार्यालय में किया गया।
यह आयोजन ’माहवारी स्वच्छता प्रबंधन जागरूकता सप्ताह’ के अंतर्गत हुआ, जिसका उद्देश्य पंचायत और उपखंड स्तर पर कार्यरत साथिनों को प्रशिक्षित कर मास्टर ट्रेनर्स की एक सक्रिय टीम तैयार करना है जो आगे चलकर गांवों एवं समुदायों में किशोरियों और महिलाओं को माहवारी स्वच्छता, स्वास्थ्य तथा सामाजिक धारणाओं के प्रति जागरूक करेगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में बूंदी और तालेड़ा उपखंड की कुल 65 साथिनों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक ऋचा चतुर्वेदी द्वारा किया गया। उन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा, खुले आसमान की ऊँचाई हर महिला और लड़की के इंतजार में है। मासिक धर्म कभी भी आपके सपनों की राह में बाधा नहीं बनना चाहिए। यह समय है जब हम चुप्पी तोड़ स्वाभिमान से बात करें।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों, पर्यवेक्षक प्रीति बंशीवाल, मंजू झलवाला व जेंडर विशेषज्ञ विनिता अग्रवाल ने प्रतिभागियों को माहवारी के दौरान अपनाई जाने वाली स्वच्छता विधियों, सामाजिक मिथकों के प्रति वैज्ञानिक दृष्टिकोण तथा समुदाय स्तर पर प्रभावी संवाद तकनीकों के बारे में जानकारी दी। प्रशिक्षण को समूह चर्चा, गतिविधि आधारित शिक्षण और मल्टीमीडिया प्रस्तुतियों के माध्यम से रोचक एवं प्रभावी बनाया गया।
कार्यशाला में वरिष्ठ सहायक महिला अधिकारिता विभाग रविराज मिश्रण ने एनीमिया की परिभाषा, कारण, लक्षण, उपचार एवं रोकथाम पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिलाओं व किशोरियों में एनीमिया का मुख्य कारण खानपान में पोषक तत्वों की कमी है, जिसे संतुलित आहार और जागरूकता के माध्यम से नियंत्रित किया जा सकता है।
एक्शन एड-यूनिसेफ के जिला समन्वयक जहीर आलम ने बताया कि माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु 26 मई से 4 जून तक जिला स्तर पर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में पंचायत स्तर पर जाजम बैठकें, किशोरी-महिला संवाद एवं रैलियों का आयोजन साथिनों द्वारा किया जा रहा है। वहीं, उपखंड स्तर पर किशोर-किशोरियों के साथ तथा जिला स्तर पर स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ कार्यशालायें आयोजित की गई हैं।
प्रशिक्षण सत्र के उपरांत सभी साथिनों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें उन्होंने समाज में फैली माहवारी से जुड़ी भ्रांतियों और सामाजिक कलंकों को समाप्त करने का संदेश दिया। रैली के दौरान सभी प्रतिभागियों ने अपनी हथेलियों पर लाल डॉट का चिन्ह बनाकर यह स्पष्ट संदेश दिया कि यह शर्म का नहीं, बल्कि सम्मान और पहचान का निशान है।
कार्यक्रम के दौरान वी द चेंज संस्था द्वारा माहवारी से जुड़ी भ्रांतियों को समाप्त करने और सही जानकारी को मनोरंजक रूप में प्रस्तुत करने वाली मैन्सट्रपीडिया कॉमिक गाइड प्रतिभागियों को वितरित की गई। यह गाइड किशोरियों, महिलाओं और साथिनों के बीच संवाद को सहज और सकारात्मक बनाने में सहायक सिद्ध हो रही है।
इस दौरान पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की काउंसलर सलोनी शर्मा, अक्षिता, प्रिया, कनिष्ठ सहायक युगेश, आनंद कुमार वर्मा, नवल किशोर शर्मा, दिव्या सैनी आदि भी मौजूद रहें।
Next Story