सम्मान भी, मनोरंजन भी...अग्रसेन विद्यापीठ में यादगार बना शिक्षक दिवस

भीलवाड़ा । गुरु-शिष्य परंपरा और शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना से श्री अग्रसेन विद्यापीठ उच्च माध्यमिक विद्यालय, नेहरू रोड में शिक्षक दिवस समारोह उत्साह और गरिमामय माहौल में मनाया गया। श्री आदर्श सेवा समिति द्वारा संचालित एवं श्री अग्रवाल समाज संपत्ति ट्रस्ट से सम्बद्ध विद्यालय में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों से शिक्षकों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की, वहीं ट्रस्ट एवं अग्रवाल महिला मंडल की ओर से प्रधानाचार्य सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान किया गया। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अग्रवाल महिला मंडल उपाध्यक्ष गुणमाला अग्रवाल के संचालन में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह में ट्रस्ट अध्यक्ष पवन खेमका, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रहलाद बंसल, महामंत्री मुकेश अग्रवाल, सहमंत्री मुकेश पाटोदिया, समिति अध्यक्ष सुरेश पोद्दार, सचिव दीपक मित्तल (एडवोकेट), कोषाध्यक्ष संजय प्रहलादका तथा महिला मंडल अध्यक्ष रितु नागोरी सहित महिला मंडल की पूरी टीम मौजूद रही। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने कविता, शायरी, गीत तथा हिंदी एवं अंग्रेजी भाषणों के माध्यम से डॉ. राधाकृष्णन के विचारों को सामने रखा और गुरुजनों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उमंग भर दी। इस अवसर पर ट्रस्ट एवं महिला मंडल के पदाधिकारियों ने प्रधानाचार्य और सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को तिलक लगाकर, उपरणा ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। समिति अध्यक्ष सुरेश पोद्दार ने विद्यालय में शिक्षा के साथ रचनात्मक एवं नवाचारी गतिविधियों को लगातार बढ़ावा देने पर जोर दिया। सचिव दीपक मित्तल ने आयोजन के लिए ट्रस्ट एवं महिला मंडल का आभार व्यक्त किया। समारोह के अंतिम चरण में शिक्षकों के लिए रैपिड फायर क्विज और म्यूजिकल चेयर जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। गुरुजनों ने भी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को यादगार बना दिया। अंत में समारोह उमंग, उल्लास और आत्मीय वातावरण में संपन्न हुआ।





