राजस्थान

Bikaner: सरकारी स्कूल में बड़ा हादसा, टैंक में गिरे तीन छात्रों की मौत

Sarita
19 Feb 2025 7:50 AM IST
Bikaner: सरकारी स्कूल में बड़ा हादसा,  टैंक में गिरे तीन छात्रों की मौत
x
Bikaner बीकानेर: नोखा क्षेत्र के केड़ली गांव के सरकारी स्कूल में मंगलवार सुबह खेलते समय तीन छात्राएं पानी की टंकी में गिर गईं। घटना सुबह करीब 11 बजे की है, जब स्कूल परिसर में खेल रही प्रज्ञा (8), भारती और रवीना अचानक टंकी के ऊपर चढ़ गईं। वहां लगाई गई पट्टियां अचानक टूट गईं और तीनों छात्राएं सीधे पानी से भरी टंकी में जा गिरीं। टंकी में 15 फीट तक पानी भरा हुआ था, जिससे वे बाहर नहीं निकल पाईं। आसपास के बच्चों ने तुरंत शिक्षकों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ट्रैक्टर और मोटर की मदद से टंकी से पानी बाहर निकाला गया। चार ग्रामीण सीढ़ी लगाकर टंकी से नीचे उतरे और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद तीनों छात्राओं को बाहर निकाला गया।
उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुखद हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। वे लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित करने और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। नोखा अस्पताल की मोर्चरी के बाहर प्रदर्शन के दौरान प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती और मुआवजे की मांग पूरी नहीं होती, तब तक शवों का पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा। इस बीच जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि, एसपी कावेंद्र सिंह और सीओ हिमांशु शर्मा स्थिति को संभालने के लिए मौके पर पहुंचे।
Next Story