सेवा की मिसाल बनी भाविप भगत सिंह शाखा, रक्तदान शिविर में 62 यूनिट रक्त संग्रहित
भीलवाड़ा । जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद्, भगत सिंह शाखा की ओर से महात्मा गांधी चिकित्सालय के ब्लड बैंक परिसर में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में शाखा के सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए कुल 62 यूनिट रक्तदान किया। शिविर में महात्मा गांधी चिकित्सालय के सीएमएचओ डॉ. अरुण गौड़ की उपस्थिति रही। अस्पताल के स्टाफ एवं ब्लड बैंक टीम ने रक्तदाताओं की आवश्यक जांच एवं अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग किया। ब्लड बैंक प्रभारी सूरज छीपा का भी शिविर के आयोजन में विशेष सहयोग रहा। शाखा अध्यक्ष कुलदीप माथुर ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। स्वस्थ व्यक्तियों को नियमित अंतराल पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिषद् की ओर से सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्य लगातार किए जाते रहेंगे। सचिव मुकेश छीपा ने रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीम, ब्लड बैंक स्टाफ एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि शाखा भविष्य में भी समाजसेवा के विभिन्न कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाएगी। शिविर को सफल बनाने में अध्यक्ष कुलदीप माथुर, सचिव मुकेश छीपा, कोषाध्यक्ष दीपक तुर्कियाँ, महिला संयोजिका पूनम डाड, नरेंद्र डाड, दीपेश खंडेलवाल, कार्यक्रम प्रभारी मोहित बुच्चा, सावन मालीवाल, सावन बांगड़, पारस देवी शर्मा, कोमल शर्मा, मीता अटल, अनीता चेचानी, नीतू भंसाली, सुरभि पोरवाल, दीपक तोषनीवाल, नीरज शर्मा, राहुल लड्डा सहित शाखा सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर तिलक नगर क्षेत्रीय माहेश्वरी सभा के सचिव सुशील बांगड़ भी शिविर में उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदान एवं सेवा कार्य में सहयोग प्रदान किया। शाखा की ओर से उनके विशेष सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। शाखा पदाधिकारियों ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीम, ब्लड बैंक स्टाफ एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।





