राजस्थान

भाविप भगत सिंह शाखा ने सांवरिया सेठ धाम में मनाया छप्पन भोग महोत्सव, भजन संध्या में उमड़ी श्रद्धा

Gulabi Jagat
20 July 2026 7:52 PM IST
भाविप भगत सिंह शाखा ने सांवरिया सेठ धाम में मनाया छप्पन भोग महोत्सव, भजन संध्या में उमड़ी श्रद्धा
x

Bhilwara, भीलवाड़ा । भारत विकास परिषद, भगत सिंह शाखा की ओर से नौगांवा स्थित सांवरिया सेठ धाम में छप्पन भोग महोत्सव एवं विशाल भजन संध्या का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं और परिषद सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा भक्ति और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। भजन संध्या में पंडित देवकीनंदन शर्मा ने अपनी मधुर एवं भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। देर तक चले भजनों पर श्रद्धालु झूमते रहे और सांवरिया सेठ के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम के दौरान शाखा से जुड़े नवीन सदस्यों ने अपना परिचय दिया। इस अवसर पर सभी सदस्यों ने आपसी परिचय, संवाद और मिलनसारिता के माध्यम से संगठन की एकजुटता को और मजबूत करने का संदेश दिया। आयोजन के समापन पर नौगांवा गौशाला परिसर में पौधारोपण किया गया। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से उपस्थित सदस्यों एवं अतिथियों को पौधे भी वितरित किए गए तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प दिलाया गया। शाखा अध्यक्ष कुलदीप माथुर व कार्यक्रम प्रभारी कमलेश लाठी ने कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भाविप के प्रांतीय पदाधिकारी श्याम कुमावत सपरिवार, सचिव मुकेश छीपा, कोषाध्यक्ष दीपक तुरर्किया, महिला प्रमुख पूनम डाड, दीपेश खंडेलवाल, सावन मालीवाल, दिलिप काबरा, सीए अंकित लखोटिया एवं गौरव झंवर सहित उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। पूरे आयोजन में भक्ति, सेवा, संगठन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रमुख रूप से उभरकर सामने आया।

Next Story