माधव गौशाला में 10वें गौ ग्रह का हुआ भूमि पूजन, गौसेवा के नए अध्याय की शुरुआत

BHILWARA भीलवाड़ा । गौसंरक्षण और भारतीय संस्कृति के संगम का साक्षी बना माधव गौशाला परिसर, जहां वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक आस्था और जनसहभागिता के बीच संस्थान के 10वें गौ ग्रह का भव्य भूमि पूजन एवं शिलान्यास संपन्न हुआ। सांसद दामोदर अग्रवाल के सानिध्य और सांसद कोष के सहयोग से बनने वाला यह नवीन गौ ग्रह गौवंश के लिए आधुनिक एवं सुरक्षित आवासीय सुविधाओं से सुसज्जित होगा। भूमि पूजन पंडित प्रकाश शर्मा एवं कमलेश शर्मा के सानिध्य में संपन्न हुआ। नवग्रह पूजन और कलश स्थापना के बाद शुभ मुहूर्त मंर गौ ग्रह की नींव में हस्तलिखित राम नाम की कॉपियां, नाग-नागिन का जोड़ा, चांदी के कछुए के सिक्के तथा मंगलकारी शिलाएं स्थापित की गईं। मुख्य यजमान मदन गोपाल धाकड़ ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई। कार्यक्रम में सांसद दामोदर अग्रवाल, संस्थान अध्यक्ष डी.पी. अग्रवाल, गौशाला संस्थापक सुरेश भाई, सत्यप्रकाश गग्गड, कैलाश डाड, हेमंत मानसिंहका, सुनील नवाल, श्रवण सेन, सूरज सिंह, अजीत सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संस्थान अध्यक्ष डी.पी. अग्रवाल ने बताया कि माधव गौशाला परिसर में शीघ्र ही नर्मदेश्वर महादेव मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा एवं शिवलिंग स्थापना का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही वर्तमान में संचालित गौ परिक्रमा और गाय गोद योजना को भी व्यापक जनसहभागिता मिल रही है। श्रद्धालु अपने जन्मदिवस, वैवाहिक वर्षगांठ एवं पुण्य स्मृति जैसे विशेष अवसरों पर गौ-पूजन कर इस सेवा अभियान से जुड़ रहे हैं, जिससे गौसेवा के प्रति समाज में सकारात्मक जागरूकता बढ़ रही है।





