Bhiwadi: राजस्थान में आंगन तो हरियाणा में कमरे, अनोखा घर

भिवाड़ी: कई खास गांव देखे होंगे और कई खास जगहों के बारे में सुना भी होगा। लेकिन क्या आपने ऐसा सुना है कि कहीं एक ऐसा घर हो, जिसका एक दरवाजा तो हरियाणा में खुलता है और दूसरा दरवाजा राजस्थान में। दरअसल, खास बात यह है कि घर में आने जाने के दो रास्ते हैं एक रास्ता राजस्थान में तो दूसरा हरियाणा में। घर के कमरे हरियाणा में और घर का आंगन राजस्थान में है। यह अनोखा घर हरियाणा और राजस्थान की सीमा पर बना हुआ है, जिसके कारण कई बार पुलिस में भी मामले को लेकर विवाद बन जाता है।
इस अनोखे घर में कौन रहता है?
हरियाणा और राजस्थान की सीमा पर बने इस घर में ईश्वर सिंह और उनके भाई कृष्ण कुमार का परिवार रहता है। ईश्वर सिंह का बेटा हवा सिंह राजस्थान की राजनीति में सक्रिय है। तो वहीं ईश्वर सिंह के भाई कृष्ण कुमार हरियाणा की राजनीति में सक्रिय हैं। इस बारे में हवा सिंह ने बताया की वे भिवाड़ी नगर परिषद के वार्ड नंबर एक के पार्षद हैं। उन्होंने ये भी बताया कि 70 साल पहले उनके दादाजी निकखन दायमा यहां पर आए थे और घर में संयुक्त परिवार के साथ रहा करते थे।
उनका घर राजस्थान-हरियाणा सीमा पर है। इसके कारण कई बार कई तरह की दिक्कतें भी आती हैं। उन्होंने बताया कि अगर उनके घर में कोई घटना हो जाती है, तो दोनों राज्यों की पुलिस में विवाद हो जाता है कि ये घटना किस राज्य में हुई है। इसके बाद परिवार वालों को ही इस बात का फैसला लेना पड़ता है कि यह घटना हरियाणा में हुई है या फिर राजस्थान में।
दोनों राज्यों में देते हैं टैक्स
इतना ही नहीं हवा सिंह का परिवार दोनों राज्यों में टैक्स भी भरता है। हवा सिंह ने बताया कि उनका घर 3000 वर्ग गज में बना हुआ है। इसमें से 1000 वर्ग गज का क्षेत्र हरियाणा राज्य में आता है जबकी 2000 वर्ग गज राजस्थान में आता है। घर के आधे लोग राजस्थान में टैक्स भारते हैं तो वहीं आधे लोग हरियाणा में टैक्स भरते हैं।





