राजस्थान

भीलवाड़ा डेयरी ने दूध संकलन में बनाया नया कीर्तिमान, 4.41 लाख लीटर प्रतिदिन का नया रिकॉर्ड

Gulabi Jagat
19 Aug 2026 9:15 PM IST
भीलवाड़ा डेयरी ने दूध संकलन में बनाया नया कीर्तिमान, 4.41 लाख लीटर प्रतिदिन का नया रिकॉर्ड
x

भीलवाड़ा । भीलवाड़ा जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ ने दुग्ध संकलन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। भीलवाड़ा डेयरी के प्रबंध संचालक त्रिभुवन पाटीदार ने बताया कि डेयरी ने इस वर्ष दूध संकलन के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए गत वर्ष की तुलना में 49 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। भीलवाड़ा डेयरी ने 18 अगस्त 2026 को अब तक का उच्चतम स्तर प्राप्त करते हुए 4 लाख 41 हजार लीटर प्रतिदिन दूध संकलन का लक्ष्य हासिल किया। पिछले वर्ष इसी अवधि में दूध संकलन करीब 2 लाख 96 हजार लीटर प्रतिदिन था। इस वर्ष पशुपालकों के सहयोग, दुग्ध समितियों की सक्रियता तथा संघ के प्रयासों से दूध संकलन में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। इस उपलब्धि को भीलवाड़ा जिले के दुग्ध व्यवसाय के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रबंध संचालक त्रिभुवन पाटीदार ने जिले के समस्त दुग्ध उत्पादक पशुपालकों का भीलवाड़ा सरस डेयरी पर विश्वास जताने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता पशुपालकों के विश्वास, उनके अथक परिश्रम तथा संघ के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों का परिणाम है।



प्रबंध संचालक ने कहा कि भीलवाड़ा डेयरी का प्रमुख उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक पशुपालकों को डेयरी से जोड़ते हुए उनकी आय में वृद्धि करना तथा उनके सर्वांगीण विकास में योगदान देना है। उन्होंने अधिकारियों एवं क्षेत्रीय कर्मचारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी इसी तरह सतत प्रयास करते हुए प्रतिदिन 5.50 लाख किलो ग्राम दूध संकलन का लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि दूध संकलन बढ़ाने के साथ-साथ प्रत्येक दुग्ध सहकारी समिति के माध्यम से अधिकाधिक पशुपालकों को डेयरी से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इससे जिले के अधिक से अधिक पशुपालकों को दुग्ध व्यवसाय का लाभ मिलेगा और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में मदद मिलेगी। पाटीदार ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, दुग्ध समितियों एवं पशुपालकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि भीलवाड़ा डेयरी भविष्य में भी इसी प्रकार प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगी। सामूहिक प्रयासों से भीलवाड़ा दुग्ध व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ पशुपालकों की आय में वृद्धि के लिए लगातार काम किया जाएगा। डेयरी प्रबंधन का मानना है कि दूध संकलन में हुई यह वृद्धि जिले में दुग्ध सहकारी आंदोलन को और मजबूती प्रदान करेगी। पशुपालकों की बढ़ती भागीदारी से दुग्ध समितियों का नेटवर्क मजबूत होगा और डेयरी के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। 18 अगस्त को हासिल किया गया 4.41 लाख लीटर प्रतिदिन का संकलन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। जो भीलवाड़ा जिले में दुग्ध व्यवसाय की बढ़ती संभावनाओं और पशुपालकों की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।

Next Story