राजस्थान

Bhilwara: नदी पार करना पड़ा महंगा, तेज बहाव में बह गया 60 वर्षीय बुजुर्ग

Sarita
3 July 2025 1:13 PM IST
Bhilwara: नदी पार करना पड़ा महंगा, तेज बहाव में बह गया 60 वर्षीय बुजुर्ग
x
Bhilwara भीलवाड़ा: जिले के चोहली गांव के पास बनास नदी को पैदल पार करने का प्रयास एक बुजुर्ग को महंगा पड़ गया। खाखुदा निवासी 60 वर्षीय शंकरलाल पुत्र प्रताप भील नदी की पुलिया पार कर रहा था, तभी वह पानी के तेज बहाव में बह गया। स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीती रात से क्षेत्र में भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते नदी-नाले उफान पर हैं। चोहली गांव के पास बनास नदी की पुलिया पर चार फीट तक पानी बह रहा था। इस दौरान शंकरलाल चोहली से राजगढ़ जा रहा था।
जैसे ही वह पुलिया पर चढ़ा तो पानी के तेज बहाव ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शंकरलाल ने तैरते हुए कुछ दूरी पर एक बबूल के पेड़ को पकड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह ज्यादा देर तक नहीं टिक सका और पानी में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही काछोला थाना प्रभारी श्रद्धा पचौरी मौके पर पहुंची। उपखंड अधिकारी, तहसीलदार व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी सूचना दे दी गई है। बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ की टीम बुला ली गई है तथा नदी में सर्च ऑपरेशन जारी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान उफनती नदी-नालों को पार करने की कोशिश न करें, क्योंकि ऐसा करना जानलेवा साबित हो सकता है।
Next Story