भाविप विवेकानंद शाखा ने किया गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन समारोह का आयोजन

Bhilwara, भीलवाडा़ । भारत विकास परिषद की विवेकानंद शाखा के तत्वावधान में शनिवार को सेठ मुरलीधर गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विवेकानंद गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय की 1680 छात्राओं की उपस्थिति में शिक्षा, खेल, अनुशासन एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं तथा विद्यालय की प्रधानाचार्य का सम्मान किया गया। शाखा अध्यक्ष गिरीश अग्रवाल एवं सचिव के.जी. सोनी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना तथा छात्राओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना है। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय कवि राजेन्द्र प्रसाद गोपाल ने कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और संस्कारों का समावेश अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति निर्माण से ही सशक्त राष्ट्र निर्माण संभव है। वक्ताओं ने छात्र जीवन में अनुशासन, संस्कार और गुरु वंदन की परंपरा के महत्व पर भी प्रकाश डाला। समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए हर्षिता गुर्जर (कक्षा 10वीं में प्रथम) एवं स्नेहा सेन (कक्षा 5वीं में प्रथम), खेलकूद में चाहत खटीक (नेटबॉल राष्ट्रीय खिलाड़ी) तथा दर्शना लखारा (बास्केटबॉल/ड्रॉपबॉल राज्य स्तरीय खिलाड़ी) का सम्मान किया गया। अनुशासन के क्षेत्र में श्रेष्ठ इरम, खुशी बैरवा, आभा शर्मा एवं अंजली तेली तथा अन्य प्रतिभाओं में हदफिया छीपा, हिमांशी शर्मा, महिमा कुमारी एवं काजल चावड़िया को सम्मानित किया गया। विद्यालय का श्रेष्ठ परीक्षा परिणाम रहने पर प्रधानाचार्य सुषमा विश्नोई का भी विशेष सम्मान किया गया। कार्यक्रम में रजनीकांत आचार्य, गोविंद प्रसाद सोडाणी, बुद्धिप्रकाश लाठी, शिव ईनाणी, सौरभ सोनी, भैरूलाल अजमेरा, दुर्गालाल जोशी सहित परिषद के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।





