
x
Bharatpur भरतपुर: भरतपुर के गोपालगढ़ मोहल्ले में बुधवार सुबह एक भयावह घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। एक व्यक्ति ने पड़ोसी के घर में घुसकर विवाद के दौरान एक महिला के हाथ में गोली मार दी और फिर आत्महत्या कर ली। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुँचे एसपी दिगंत आनंद ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एफएसएल टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं।
मथुरा गेट थाना क्षेत्र के गोपालगढ़ में कबाड़ी वाली गली में रहने वाले सीकरी निवासी रामबाबू (45) पुत्र मुकुट बिहारी अपने तीन बच्चों के साथ किराए के मकान में रहते थे। बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे रामबाबू छत के रास्ते पड़ोसी तनिषा के घर में घुस गया। उस समय तनिषा कपड़े धो रही थी। घर में दोनों के बीच कहासुनी हुई और विवाद बढ़ने पर रामबाबू ने तनिषा के हाथ में गोली मार दी। गोली चलाने के बाद रामबाबू ने मौके पर ही आत्महत्या कर ली।
घायल तनिषा के देवर राकेश ने बताया कि वह और तनिषा का भाई मोबाइल की दुकान चलाते हैं। रामबाबू अक्सर तनिषा को परेशान करता था। इस संबंध में पहले भी शिकायत दर्ज कराई गई थी और पुलिस ने उसे शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार भी किया था, लेकिन वह बार-बार उसे परेशान करता रहा। जानकारी के अनुसार, मथुरा गेट थाना पुलिस रामबाबू को पहले भी दो बार शांति भंग करने और दूसरी महिला से छेड़छाड़ के मामले में गिरफ्तार कर चुकी है। पारिवारिक विवाद के चलते उसकी पत्नी पहले ही उसे छोड़कर जा चुकी है। घटना के समय दोनों परिवारों के बच्चे स्कूल गए हुए थे।
Next Story





