
x
Ajmer अजमेर: बीके कॉल नगर स्थित गरबा पंडाल की खुशियाँ मातम में बदल गईं। शुक्रवार (26 सितंबर) की रात एक हृदयविदारक हादसा हुआ। सात साल के दैविक धनवानी की करंट लगने से मौत हो गई। लोग जहाँ देवी माँ की भक्ति में लीन थे, वहीं इस हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। आरोप है कि आयोजन में तकनीकी लापरवाही के कारण इस मासूम बच्चे की जान चली गई। जिन माता-पिता ने अपने बेटे को गरबा खेलने के लिए तैयार करके भेजा था, वे उसका शव अपनी आँखों के सामने देखकर गमगीन हैं।
इस घटना की जानकारी मिलते ही पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। रिश्तेदार और पड़ोसी परिवार को सांत्वना देने दौड़े, लेकिन बच्चे की मौत ने सभी को अंदर तक झकझोर कर रख दिया। जहाँ मासूम बच्चे की हँसी गूंजनी चाहिए थी, वहाँ अब सन्नाटा पसरा हुआ है। दैविक के पिता कपिल धनवानी ने आयोजकों पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पंडाल में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी, जिसके कारण यह दुखद हादसा हुआ।
फिलहाल, कृष्ण हरिबाबू उपाध्याय नगर थाना पुलिस ने बच्चे के शव को जवाहरलाल नेहरू अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। सुबह मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने आयोजकों की भूमिका और लापरवाही की जाँच शुरू कर दी है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि ऐसे आयोजनों में बच्चों की सुरक्षा को कितनी गंभीरता से लिया जाता है।
Next Story





