राजस्थान

भक्ति के रंग में रंगा अग्रवाल मंदिर, लड्डू गोपाल के नौका विहार ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

Gulabi Jagat
25 July 2026 6:04 PM IST

Bhilwara, भीलवाड़ा । अग्रसेन महिला मंडल (पूर्वी जोन) की ओर से धान मंडी स्थित अग्रवाल मंदिर प्रांगण में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल के नौका विहार एवं भव्य भजन संध्या का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा और भजनों की मधुर स्वर लहरियों से गूंजता रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ लड्डू गोपाल के विशेष श्रृंगार एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद आकर्षक ढंग से सजाई गई नौका में विराजित लड्डू गोपाल का नौका विहार कराया गया, जिसका श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर दर्शन किया। सुंदर पुष्प सज्जा एवं मनमोहक धार्मिक वातावरण ने सभी का मन मोह लिया। भजन संध्या के दौरान महिलाओं ने एक से बढ़कर एक कृष्ण भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भक्ति गीतों पर उपस्थित महिलाओं ने झूमकर नृत्य किया और भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में पूरी तरह लीन नजर आईं। पूरा मंदिर परिसर राधे-राधे और जय श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने सामूहिक भजन-कीर्तन कर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर लड्डू गोपाल को श्रद्धापूर्वक छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया, जिसे सभी ने श्रद्धाभाव से ग्रहण किया। इस भक्ति संध्या को सफल बनाने में पूर्वी जोन के संरक्षक रामगोपाल अग्रवाल, कृष्ण गोपाल कंसडिया एवं ललित अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। आयोजन में पूर्वी जोन महिला मंडल की अध्यक्ष पायल अग्रवाल, सचिव संध्या अग्रवाल, सोनू अग्रवाल, सविता अग्रवाल, श्वेता अग्रवाल, स्नेहा अग्रवाल, करिश्मा अग्रवाल, रानू अग्रवाल, जया अग्रवाल, रेनू अग्रवाल, पूनम अग्रवाल, पूजा अग्रवाल, निधि अग्रवाल, अंजलि अग्रवाल, सुधा अग्रवाल, कीर्ति जैन, किरण अग्रवाल सहित समाज की अनेक महिलाओं की सक्रिय सहभागिता रही। श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। अंत में सभी ने भगवान श्रीकृष्ण से समाज में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

Next Story